Kotputli-Behror News: हाईवे पर पलटा दूध से भरा टैंकर, लूटने के लिए बाल्टी, बोतल और ड्रम लेकर पहुंचे लोग

जयपुर-दिल्ली राष्ट्रीय राजमार्ग पर गांव दहमी के पास शुक्रवार को दूध से भरा एक टैंकर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे नाले में पलट गया। हादसे के बाद टैंकर का ढक्कन खुल जाने से हजारों लीटर दूध सड़क और नाले में बहने लगा। बहते दूध को देखकर आसपास के ग्रामीण और राहगीर बाल्टी, डिब्बे, कैन और बोतलें लेकर मौके पर पहुंच गए। देखते ही देखते वहां दूध भरने वालों की भीड़ लग गई और घटनास्थल पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। जानकारी के अनुसार दूध से भरा टैंकर गुजरात के मेहसाणा से हरियाणा के मानेसर जा रहा था। बहरोड़ क्षेत्र में हाईवे किंग होटल के समीप गांव दहमी के पास चालक का वाहन से नियंत्रण हट गया, जिससे टैंकर सड़क से नीचे उतरकर नाले में पलट गया। प्रारंभिक जांच में चालक को नींद की झपकी आने को दुर्घटना का प्रमुख कारण माना जा रहा है। ये भी पढ़ें:Rajasthan:किरोड़ी को क्यों याद आए 2008 के दिन क्या फिर बदलने वाली है सियासी राह बयान के बाद बढ़ी सरगर्मी हादसे में टैंकर चालक घायल हो गया, जिसे प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराया गया हालांकि उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करने में जुट गई। इस दौरान बहते दूध को भरने के लिए लोगों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। पुलिस ने लोगों को नाले में नहीं उतरने और भीड़ नहीं लगाने की समझाइश दी लेकिन मुफ्त में मिल रहे दूध को लेने की होड़ के चलते लोग लगातार बाल्टी और बोतलों में दूध भरकर ले जाते रहे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कुछ ही देर में घटनास्थल पर दूध की लूट मच गई। लोगों की भीड़ जमा होने से राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित हुआ। पुलिस ने यातायात को सुचारु बनाए रखने के लिए आवश्यक इंतजाम किए और लोगों से घटनास्थल से दूर रहने की अपील की। बाद में क्रेन की मदद से टैंकर को बाहर निकालने की कार्रवाई शुरू की गई। दुर्घटना के कारण बड़ी मात्रा में दूध नाले में बह जाने से परिवहन कंपनी को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है। स्थानीय लोगों का कहना है कि हादसे के बाद बहते हुए दूध को बचाने की बजाय अधिकांश लोग उसे अपने घर ले जाने की होड़ में लग गए। वहीं पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाने में जुटी हुई है।

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Jun 26, 2026, 18:58 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »




Kotputli-Behror News: हाईवे पर पलटा दूध से भरा टैंकर, लूटने के लिए बाल्टी, बोतल और ड्रम लेकर पहुंचे लोग #CityStates #Kotputli-behror #Rajasthan #KotputliBehrorNews #BehrorNews #MilkTankerAccident #HighwayAccident #JaipurDelhiHighway #Nh-48Accident #MilkTankerOverturns #SpilledMilk #RoadAccidentRajasthan #TrafficDisruption #SubahSamachar