Mexico vs Ecuador Live: बारिश-बिजली के खतरे के कारण देर से शुरू हुआ मैच, मेक्सिको को घरेलू मैदान का सहारा

फीफा विश्वकप 2026 के राउंड ऑफ 32 में मेक्सिको और इक्वाडोर के बीच मुकाबले की शुरुआत खराब मौसम की वजह से देरी से हुई है। यह मैच भारतीय समयानुसार सुबह साढ़े छह बजे शुरू होना था, लेकिन साढ़े सात बजे शुरू हुआ है। मेक्सिको की टीम अपने घर में यह नॉकआउट मैच खेल रही है। मेक्सिको सिटी में मुकाबला जारी है।इस मुकाबले की विजेता टीम राउंड ऑफ 16 में कांगो डीआर और इंग्लैंड के बीच होने वाले मुकाबले की विजेता से भिड़ेगी। इंग्लैंड-कांगो के बीच मैच शुक्रवार को अटलांटा स्टेडियम में खेला जाएगा। स्टेडियम के ऊपर काले बादल छाए हुए था और आसपास बिजली गिरने का खतरा होने के कारण खिलाड़ियों और दर्शकों की सुरक्षा को देखते हुए किक-ऑफ सुबह साढ़े सात बजे तक स्थगित किया गया था। फीफा ने बयान जारी कर कहा कि स्टेडियम के आसपास बिजली गिरने का जोखिम होने के कारण मैच में देरी का फैसला लिया गया है। संगठन ने प्रशंसकों से सहयोग और धैर्य बनाए रखने की अपील की है। इक्वाडोर ने पहली बार 2006 विश्व कप में नॉकआउट चरण में जगह बनाई थी, जहां मेजबान जर्मनी ने उसे राउंड ऑफ 16 में बाहर कर दिया था। करीब 20 साल बाद टीम एक और मेजबान देश मेक्सिको के खिलाफ नॉकआउट मैच खेलने उतरी है। इक्वाडोर के अनुभवी स्ट्राइकर एनर वेलेंसिया पर एक बार फिर सभी की नजरें होंगी। 36 वर्षीय वेलेंसिया ने 2014 और 2022 विश्व कप में तीन-तीन गोल किए थे, लेकिन इस बार अभी तक उनका गोल का खाता नहीं खुला है। दूसरी ओर, मेक्सिको शानदार फॉर्म में है। टीम ने ग्रुप स्टेज के तीनों मैच जीतकर पूरे अंक हासिल किए और 6 गोल किए, जबकि एक भी गोल नहीं खाया। घरेलू प्रशंसकों का जबरदस्त समर्थन टीम का आत्मविश्वास बढ़ा रहा है। मेक्सिको के मुख्य कोच जेवियर अगुएरो ने कहा कि अपने देश में खेलना उनकी टीम के लिए बड़ा मनोवैज्ञानिक फायदा है। उन्होंने कहा, 'हमें पता है कि पूरा देश हमारे साथ खड़ा है और यही हमें अतिरिक्त प्रेरणा देता है। हमारे प्रशंसक हमारे लिए 12वें खिलाड़ी की भूमिका निभाते हैं।'

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Jul 01, 2026, 04:36 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »




Mexico vs Ecuador Live: बारिश-बिजली के खतरे के कारण देर से शुरू हुआ मैच, मेक्सिको को घरेलू मैदान का सहारा #Football #Sports #International #MexicoVsEcuadorLive #FifaWorldCup2026 #MexicoVsEcuadorWeatherDelay #MexicoCityRain #JavierAguirre #EnnerValencia #FifaWorldCupRoundOf32 #SubahSamachar