Gurugram News: पारा 44 के पार...सूनी सड़कों पर लू का पहरा
गर्म हवाओं ने बढ़ाईं लोगों की मुश्किलें, 24 मई तक लू का ऑरेंज अलर्टसंवाद न्यूज एजेंसीगुरुग्राम। मिलेनियम सिटी में गर्मी का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है। बीते दो दिन से शहर में तापमान 44 डिग्री सेल्सियस से अधिक दर्ज किया जा रहा है। मौसम विभाग ने 24 मई तक लू को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है, जिससे लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। तेज धूप व लू के कारण सड़कें सूनी पड़ीं हैं। बृहस्पतिवार को अधिकतम तापमान 44.5 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 30.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से काफी अधिक है।तेज धूप और गर्म हवाओं ने जनजीवन की रफ्तार धीमी कर दी है। सुबह से ही तेज धूप ने लोगों को परेशान किया और दोपहर में इसका असर और बढ़ गया। शाम के समय भी गर्म हवाओं से कोई खास राहत नहीं मिली।मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में भी लू और भीषण गर्मी से राहत मिलने की संभावना कम है। सुबह 11 बजे से शाम 4 बजे तक बाहर निकलने से बचें, क्योंकि यह समय स्वास्थ्य के लिए अत्यंत जोखिम भरा है।----------------------------गर्मी के कारण डिहाइड्रेशन व त्वचा संबंधी मामले बढ़ेसंवाद न्यूज एजेंसीगुरुग्राम। सेक्टर-10 स्थित नागरिक अस्पताल में भीषण गर्मी के चलते डिहाइड्रेशन के मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है। अस्पताल में रोजाना ऐसे मरीज बड़ी संख्या में पहुंच रहे हैं, जिससे ओपीडी पर भी दबाव बढ़ गया है। डॉक्टरों के अनुसार, पिछले एक सप्ताह में त्वचा रोग विभाग (स्किन ओपीडी) में भी मरीजों की संख्या में वृद्धि दर्ज की गई है।सामान्य दिनों में जहां त्वचा ओपीडी 150 से 180 मरीजों के बीच रहती है, वहीं बीते सप्ताह यह संख्या बढ़कर 220 से 250 तक पहुंच गई। तेज धूप, बढ़ता तापमान और गर्म हवाओं के कारण मरीजों में सनबर्न, स्किन एलर्जी, रैशेज और खुजली जैसी समस्याएं तेजी से सामने आ रही हैं।पर्याप्त पानी पीएं लोगअस्पताल प्रशासन ने बताया कि गर्मी से संबंधित बीमारियों में बच्चों और बुजुर्गों की संख्या अधिक है। लू लगने से लोगों में कमजोरी, चक्कर आना, उल्टी और बेहोशी जैसे लक्षण देखने को मिल रहे हैं। बीते दो दिन पहले अस्पताल में लू लगने का एक मामला सामने आया है। डॉक्टरों ने लोगों को सलाह दी है कि दोपहर के समय धूप में निकलने से बचें, पर्याप्त मात्रा में पानी पिएं और हल्के व ढीले कपड़े पहनें। अस्पताल में अतिरिक्त बेड और मेडिकल स्टाफ भी तैनात किया गया है ताकि बढ़ते मरीजों को तुरंत उपचार मिल सके।ऐसे रखें ध्यान- दोपहर 11 बजे से 4 बजे के बीच धूप में निकलने से बचें- बाहर जाने से पहले सनस्क्रीन लगाएं- हल्के, ढीले और सूती कपड़े पहनें - सिर को टोपी, दुपट्टा या छाते से ढककर रखें- नारियल पानी और ताजे फलों का सेवन करें- धूप से आने के बाद चेहरे को ठंडे पानी से धोएं---------------------------तेज धूप के कारण लोगों में सनबर्न और स्किन एलर्जी के मामले बढ़ रहे हैं और मरीज इलाज के लिए अस्पताल पहुंच रहे हैं। ऐसे में सलाह दी जाती है कि घर से निकलते समय सनस्क्रीन जरूर लगाएं। साथ ही पूरी बाजू के सूती और हल्के कपड़े पहनकर त्वचा को धूप से बचाएं। -डाॅ. नीरज मेहता, त्वचा विशेषज्ञ, नागरिक अस्पताल
- Source: www.amarujala.com
- Published: May 21, 2026, 16:21 IST
Gurugram News: पारा 44 के पार...सूनी सड़कों पर लू का पहरा #MercuryCrosses44...heatWaveOnDesertedStreets #SubahSamachar
