कोंडागांव: मड़ई मेले में जुआ पर पुलिस की दबिश, तीन आरोपी गिरफ्तार
कोंडागांव में थाना धनोरा क्षेत्र में जुआरियों के खिलाफ पुलिस का धरपकड़ अभियान लगातार जारी है। इसी क्रम में ग्राम पंचायत जामगांव के मड़ई मेले में दबिश देकर पुलिस ने जुआ खिलाने वाले तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से जुआ खेलने की सामग्री एवं नगदी रकम भी बरामद की गई है। मिली जानकारी के अनुसार पुलिस अधीक्षक कोंडागांव पंकज चंद्रा के निर्देश पर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कपिल चंद्रा तथा एसडीओपी केशकाल अरुण कुमार नेताम के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक धनोरा भुनेश्वर नाग के नेतृत्व में विशेष टीम गठित कर आपराधिक गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है। 19 फरवरी 2026 को पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि जामगांव मड़ई मेले में कुछ लोग खुड-खुडिया नामक जुआ खिला रहे हैं। सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की। दबिश के दौरान राकेश मंडावी (25) निवासी खेतरपाल थाना फरसगांव, रतू राम नाग (24) एवं रतन नाग (21) निवासी हाट चपई थाना धनोरा को जुआ खिलाते रंगे हाथ पकड़ा गया। पुलिस पार्टी को देखकर कुछ अन्य जुआरी भीड़ का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए। आरोपियों के पास से तीन छोटी प्लास्टिक बाल्टियां, लकड़ी की गोटियां, 1 से 6 अंक लिखा पोस्टर तथा 2000 रुपये नगद जब्त किए गए। पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर आरोपियों के विरुद्ध धारा 4(क) छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 के तहत मामला दर्ज कर विधिवत गिरफ्तारी की गई। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्र में अवैध जुआ-सट्टा गतिविधियों के विरुद्ध अभियान आगे भी जारी रहेगा।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Feb 20, 2026, 19:50 IST
कोंडागांव: मड़ई मेले में जुआ पर पुलिस की दबिश, तीन आरोपी गिरफ्तार #CityStates #Chhattisgarh #MelaMadaiJuaActionPolice #SubahSamachar
