Sonipat News: दूषित पानी पर मेयर सख्त, लीकेज और क्रॉस कनेक्शन तत्काल खत्म करने के आदेश

सोनीपत। शहर में दूषित पेयजल और अनियमित जलापूर्ति की लगातार मिल रही शिकायतों पर मेयर राजीव जैन ने सोमवार को सख्त रुख अपनाया। नगर निगम आयुक्त कार्यालय में जलापूर्ति शाखा के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर उन्होंने साफ कहा कि भीषण गर्मी के बीच नागरिकों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराना नगर निगम की सर्वोच्च प्राथमिकता है। बैठक में शहर की लगभग एक दर्जन कॉलोनियों में दूषित पानी पहुंचने की शिकायतों पर विस्तार से चर्चा की गई। मेयर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिन क्षेत्रों से शिकायतें मिल रही हैं वहां तत्काल संयुक्त टीम भेजकर विस्तृत सर्वे कराया जाए। दूषित पेयजल के वास्तविक कारणों की पहचान कर प्राथमिकता के आधार पर उनका स्थायी समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि जहां भी पेयजल लाइन में लीकेज, सीवरेज लाइन से क्रॉस कनेक्शन या अन्य तकनीकी खामियां मिलें उनकी तत्काल मरम्मत कराई जाए ताकि नागरिकों को स्वच्छ और सुरक्षित पेयजल मिल सके। किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।मेयर ने खराब पड़े ट्यूबवेलों को जल्द चालू कराने, जलापूर्ति से जुड़े वाल्वों की समयबद्ध मरम्मत और नियमित रखरखाव सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए। साथ ही सभी वाटर बूस्टिंग स्टेशनों पर मोटरों की नियमित जांच करने और किसी भी मोटर में खराबी आने पर जलापूर्ति बाधित न हो इसके लिए अतिरिक्त मोटरों की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा।बैठक में नगर निगम आयुक्त हर्षित कुमार, कार्यकारी अभियंता पद्मभूषण और राहुल पूनिया, उपमंडल अभियंता देवेंद्र खासा, मंजीत दहिया, अमित शर्मा, कनिष्ठ अभियंता सचिन राठी, सुधीर मोर, रोहताश, अमित और साहिल देशवाल मौजूद रहे।

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Jul 06, 2026, 20:01 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »




Sonipat News: दूषित पानी पर मेयर सख्त, लीकेज और क्रॉस कनेक्शन तत्काल खत्म करने के आदेश #MayorTakesAToughStanceOnContaminatedWater;OrdersImmediateEliminationOfLeakagesAndCross-connections. #SubahSamachar