हापुड़ में भीषण अग्निकांड: तीसरी मंजिल पर लगी आग, मजदूरों का सामान जलकर खाक; शॉर्ट सर्किट की आशंका
हापुड़ के नगर कोतवाली क्षेत्र के अन्तर्गत बुलंदशहर रोड राजीव विहार मोहल्ले में स्थित एक मकान की तीसरी मंजिल पर भीषण आग लग गई। आग की लपटें देखकर मोहल्ले में अफरातफरी मच गई। सूचना पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। जिसके बाद लोगों ने राहत की सांस ली। मोहल्ला राजीव विहार में विनोद शर्मा का ओम बिल्डिंग मेटीरियल के नाम से सीमेंट आदि की दुकान व गोदाम है। इसके सामने ही उनका एक मकान है, जिसमें उनके यहां काम करने वाले मजदूर रहते हैं। शनिवार की देर शाम अचानक मकान की तीसरी मंजिल पर स्थित दो कमरों में अचानक आग लग गई। उस दौरान कमरों में कोई मौजूद नहीं था। आग की लपटें देख मोहल्ले में दहशत फैल गई और लोगों ने उसे बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग ने विकराल रूप धारण कर दिया। लोगों की सूचना पर मौके पर फायर ब्रिगेड की गाड़ी पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग के कारण मजदूरों का सामान जलकर खाक हो गया। इस दौरान मकान में रहने वाले रोते बिलखते नजर आए। मुख्य अग्निशमन अधिकारी अजय कुमार शर्मा ने बताया कि शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगने की आशंका है।
- Source: www.amarujala.com
- Published: May 30, 2026, 21:13 IST
हापुड़ में भीषण अग्निकांड: तीसरी मंजिल पर लगी आग, मजदूरों का सामान जलकर खाक; शॉर्ट सर्किट की आशंका #CityStates #Hapur #SubahSamachar
