राजस्थान न्यूज: जयपुर-अजमेर हाईवे के पास सोलर प्लांट में आग, एक किमी दूर तक दिखीं लपटें
जयपुर-अजमेर हाईवे पर राजस्थान के दूदू नगरपालिका क्षेत्र में स्थित ग्रुप एनर्जी प्राइवेट लिमिटेड की सोलर कंपनी की प्रोडक्शन यूनिट फेस-2 में शुक्रवार शाम करीब 5:30 बजे अचानक भीषण आग लग गई। शुरुआती तौर पर आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। आग ने कुछ ही मिनटों में विकराल रूप धारण कर लिया और प्लांट का बड़ा हिस्सा लपटों की चपेट में आ गया। आग की ऊंची लपटें करीब एक किलोमीटर दूर से दिखाई दे रही थीं, जबकि काले धुएं का गुबार पूरे इलाके में फैल गया। इससे हाईवे से गुजरने वाले वाहन चालकों और आसपास के लोगों में दहशत फैल गई। राहत की बात यह रही कि सभी कर्मचारियों को समय रहते सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। आग लगते ही बजा सायरन, कर्मचारियों ने सुरक्षित बाहर निकलकर बचाई जान प्लांट में आग लगते ही सायरन बजाया गया। इसके बाद कर्मचारियों ने सतर्कता और सूझबूझ दिखाते हुए तत्काल प्लांट से बाहर निकलकर सुरक्षित स्थान पर पहुंचकर अपनी जान बचाई। समय रहते सभी कर्मचारियों को बाहर निकाल लिए जाने से बड़ा हादसा टल गया। आग की लपटें लगातार तेज होती गईं और प्लांट का बड़ा हिस्सा इसकी चपेट में आ गया। प्रशासन और पुलिस के अधिकारी मौके पर पहुंचे घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन और पुलिस के अधिकारी मौके पर पहुंचे। एडीएम सुरेश यादव, एएसपी शिवलाल बैरवा, एसडीएम गुलाब सिंह वर्मा, डिप्टी अनुपम मिश्रा और थानाधिकारी संजय प्रसाद मीणा पुलिस जाब्ते के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। स्थानीय दमकल वाहनों की मदद से आग पर काबू पाने में मुश्किल आने पर जयपुर, किशनगढ़ और अजमेर से अतिरिक्त दमकल वाहनों को बुलाया गया। दमकलकर्मियों ने आग को नियंत्रित करने और उसे आगे फैलने से रोकने के लिए प्रयास शुरू किए। रात नौ बजे तक 20 से अधिक दमकलें आग बुझाने में जुटीं आग की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि रात करीब नौ बजे तक 20 से अधिक दमकलें आग बुझाने में जुटी हुई थीं। अधिकारियों के अनुसार, प्रत्येक दमकल वाहन करीब दस-दस फेरे लगा चुका था। इसके बावजूद प्लांट में आग की लपटें पूरी तरह शांत नहीं हुई थीं। दमकलकर्मी आग पर काबू पाने के लिए युद्धस्तर पर प्रयास करते रहे। शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका, नुकसान का आकलन बाद में एएसपी दूदू शिवलाल बैरवा के अनुसार, प्रारंभिक तौर पर शॉर्ट सर्किट को आग लगने का संभावित कारण माना जा रहा है। प्लांट के सभी कर्मचारियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है और हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई है। उन्होंने बताया कि दूदू सहित जयपुर, किशनगढ़ और अजमेर से 20 से अधिक दमकल वाहन आग बुझाने में लगे हुए हैं। अधिकारियों के मुताबिक, आग पूरी तरह बुझने के बाद ही कंपनी को हुए नुकसान का वास्तविक आकलन किया जा सकेगा। फिलहाल दमकलकर्मी आग पर पूरी तरह काबू पाने के लिए लगातार प्रयास कर रहे हैं।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Oct 24, 2026, 08:12 IST
राजस्थान न्यूज: जयपुर-अजमेर हाईवे के पास सोलर प्लांट में आग, एक किमी दूर तक दिखीं लपटें #CityStates #Jaipur #Rajasthan #Dudu #AjmerHighway #SolarPlant #FireAccident #GroupEnergy #FireBrigade #RajasthanNews #SubahSamachar
