Shahdol News: अस्पताल में बच्चे को बिस्किट खिलाने पर युवक को समझा बच्चा चोर, लोगों ने कर दी पिटाई, Video वायरल
शहडोलकोतवाली थाना क्षेत्र स्थित एक निजी अस्पताल में उस समय हड़कंप मच गया, जब एक अज्ञात युवक अस्पताल परिसर में पहुंचकर एक बच्चे को बिस्किट खिलाने लगा और उसे गोद में उठा लिया। युवक की इस हरकत से बच्चे के परिजनों को संदेह हुआ कि वह बच्चा चोर हो सकता है। देखते ही देखते अस्पताल में मौजूद लोगों ने शोर मचाना शुरू कर दिया और युवक को घेरकर उसकी पिटाई कर दी। घटना की जानकारी अस्पताल प्रबंधन को मिलने पर पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को भीड़ से सुरक्षित निकालकर अपने कब्जे में लिया। बताया जा रहा है कि पुलिस वाहन में बैठाने के दौरान भी कुछ लोगों ने उसके साथ मारपीट की। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। मामला कोतवाली थाने पहुंचने के बाद पुलिस ने युवक की पहचान और उसके बारे में जानकारी जुटाई। जांच में पता चला कि युवक बुढार क्षेत्र का निवासी है। उसकी पत्नी से पारिवारिक विवाद चल रहा था और वह मायके में रह रही थी। युवक के अनुसार, उसकी पत्नी ने फोन पर तबीयत खराब होने की जानकारी दी थी, जिसके बाद वह पाली रोड स्थित निजी अस्पताल पहुंचा था। पढ़ें:नीट परीक्षार्थियों के लिए महाकाल मंदिर की पहल, आठ केंद्रों पर मिला निःशुल्क अल्पाहार युवक ने पुलिस को बताया कि वह अस्पताल में पत्नी के आने का इंतजार कर रहा था। इसी दौरान उसने वहां मौजूद एक बच्चे को बिस्किट खिलाया और गोद में उठा लिया, जिससे लोगों को उस पर संदेह हो गया और मामला बढ़ गया। उप निरीक्षक उपेंद्र त्रिपाठी ने बताया कि जांच में युवक के किसी बच्चा चोरी गिरोह से जुड़े होने जैसी कोई जानकारी सामने नहीं आई है। पूछताछ के दौरान यह भी पता चला कि युवक नशे की हालत में था। प्रारंभिक जांच के आधार पर पुलिस का कहना है कि लोगों ने गलतफहमी में उसके साथ मारपीट की। आवश्यक कार्रवाई और पूछताछ के बाद युवक को उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। वहीं, सीएसपी राजेंद्र मोहन दुबे ने बताया कि प्रारंभिक जांच में बच्चा चोरी जैसी किसी घटना की पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Jun 21, 2026, 12:04 IST
Shahdol News: अस्पताल में बच्चे को बिस्किट खिलाने पर युवक को समझा बच्चा चोर, लोगों ने कर दी पिटाई, Video वायरल #CityStates #Crime #MadhyaPradesh #Shahdol #ShahdolNews #ShahdolHindiNews #ShahdolViralNews #SubahSamachar
