Pali News: पुलिस की घेराबंदी देख नाकाबंदी तोड़कर भागे तस्कर, 486 किलो डोडा पोस्त और कारतूस बरामद
जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध पुलिस अधीक्षक मोनिका सेन द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। जिला पुलिस अधीक्षक की सख्ती और जीरो टॉलरेंस की नीति का असर धरातल पर साफ नजर आने लगा है, जिसकी ताजा बानगी देसूरी थाना क्षेत्र में देखने को मिली। यहाँ जिला विशेष दल ने एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम देते हुए तस्करी के नेटवर्क को तगड़ा झटका दिया है। घटनाक्रम के अनुसार यह पूरी कार्रवाई आज शुरू हुई। मुखबिर से मिली पुख्ता सूचना के आधार पर पुलिस की टीम ने नाकाबंदी कर रखी थी। इसी दौरान एक संदिग्ध काले रंग की स्कॉर्पियो को आता देख पुलिसकर्मियों ने उसे रुकने का इशारा किया। पुलिस की घेराबंदी देख चालक ने वाहन रोकने की बजाय उसकी गति बढ़ा दी और नाकाबंदी तोड़कर भागने का दुस्साहस किया। पुलिस टीम ने भी बिना समय गंवाए तस्करों का पीछा शुरू कर दिया। ये भी पढ़ें:जयपुर में 100 करोड़ की जमीन पर कब्जे का विवाद:भू-माफिया पर कार्रवाई करने वाले पुलिस अफसरों पर गिरी गाज तेज रफ्तार और पुलिस की मुस्तैदी के आगे खुद को घिरता देख तस्कर देसूरी के लापी रोड पर स्कॉर्पियो को लावारिस छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाते हुए झाड़ियों के रास्ते मौके से फरार हो गए। पुलिस ने तत्काल वाहन को अपने कब्जे में लेकर जब उसकी सघन तलाशी ली, तो उसमें भारी मात्रा में अवैध मादक पदार्थ भरा मिला। कट्टों की गिनती करने पर कुल 486 किलो अवैध डोडा पोस्त बरामद हुआ। इसके साथ ही वाहन की तलाशी के दौरान पुलिस को आठ जिंदा कारतूस भी मिले हैं, जो इस ओर इशारा करते हैं कि तस्कर किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए हथियारों से लैस थे। पुलिस ने बरामद अवैध डोडा पोस्त, कारतूस और तस्करी में प्रयुक्त स्कॉर्पियो को जब्त कर लिया है। फिलहाल अज्ञात तस्करों के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उनकी तलाश तेज कर दी गई है।
- Source: www.amarujala.com
- Published: May 12, 2026, 21:11 IST
Pali News: पुलिस की घेराबंदी देख नाकाबंदी तोड़कर भागे तस्कर, 486 किलो डोडा पोस्त और कारतूस बरामद #CityStates #Crime #Jodhpur #Rajasthan #PaliNews #DodaPostSeized #RajasthanPoliceAction #DrugSmugglingCase #PaliCrimeNews #DesuriPolice #NdpsActCase #RajasthanSmugglers #ScorpioVehicleSeized #IllegalNarcoticsRajasthan #SubahSamachar
