Maharashtra Update: जहरीली शराब पीने से 12 लोगों की मौत, मुख्य आपूर्तिकर्ता समेत आठ गिरफ्तार
पुणे और पिंपरी चिंचवड़ में जहरीली शराब पीने से 12 लोगों की मौत हो गई है। पिंपरी चिंचवड़ के फुगेवाड़ी में 7 और पुणे के हडपसर में 5 लोगों ने जान गंवाई है। 3 लोग अस्पताल में भर्ती हैं। पुलिस और राज्य आबकारी विभाग ने संयुक्त कार्रवाई कर मुख्य आपूर्तिकर्ता योगेश वानखेड़े समेत आठ आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मृतकों की पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने मुंबई में पत्रकारों से कहा कि जहरीली शराब की आपूर्ति के पीछे के नेटवर्क की पहचान कर ली गई है। पुलिस और आबकारी विभाग मिलकर काम कर रहे हैं। जल्द कुछ और गिरफ्तारियां होंगी। राज्य आबकारी आयुक्त अतुल कनाडे ने बताया कि फुगेवाड़ी और हडपसर में शराब आपूर्ति करने वाले मुख्य आरोपी योगेश वानखेड़े को हिरासत में लेकर पिंपरी चिंचवड़ पुलिस को सौंप दिया गया है। पिंपरी चिंचवड़ के डीसीपी संदीप अतोले ने बताया कि फुगेवाड़ी में सात लोगों की मौत हुई है। तीन लोगों का इलाज जारी है। वहीं, हडपसर थाने के सीनियर इंस्पेक्टर संजय मोगाले ने वहां पांच मौतों की पुष्टि की। अधिकारियों के मुताबिक मौत के सटीक कारणों के लिए पोस्टमार्टम और टेस्ट रिपोर्ट का इंतजार है। गृह विभाग की विफलता पर उठाए सवाल इस बीच एनसीपी (एसपी) नेता रोहित पवार ने कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर हडपसर में अवैध शराब के एक ठिकाने को नष्ट कर दिया। उन्होंने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिये महायुति सरकार पर तीखा हमला बोला। पवार ने दावा किया कि मरने वालों की संख्या 18 है। उन्होंने कहा कि यह घटना बेहद भयावह और गृह विभाग के अनियंत्रित एवं भ्रष्ट कामकाज को उजागर करती है। सरकार अवैध गतिविधियों को रोकने में पूरी तरह विफल रही है।
- Source: www.amarujala.com
- Published: May 29, 2026, 15:23 IST
Maharashtra Update: जहरीली शराब पीने से 12 लोगों की मौत, मुख्य आपूर्तिकर्ता समेत आठ गिरफ्तार #IndiaNews #National #MaharashtraUpdates #MaharashtraNews #Mumbai #MaharashtraPolitics #Pune #Thane #SubahSamachar
