Maharashtra Updates: क्राइम ब्रांच की बड़ी कार्रवाई, भायखला फायरिंग केस का मुख्य आरोपी सैफ मस्तान गिरफ्तार

मुंबई पुलिस की क्राइम ब्रांच यूनिट तीन को एक बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। पुलिस ने भायखला इलाके में हुए सनसनीखेज गोलीकांड के मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए आरोपी का नाम सैफ मस्तान है। वह इस हत्याकांड के बाद से ही लगातार फरार चल रहा था। पुलिस की टीमें उसकी तलाश कर रही थीं। आखिरकार क्राइम ब्रांच ने पुख्ता सूचना के आधार पर जाल बिछाकर आरोपी सैफ मस्तान को पश्चिम बंगाल से दबोच लिया है। यह पूरा मामला साल 2016 का है। अंडरवर्ल्ड डॉन दाऊद इब्राहिम के बेहद करीबी गुर्गे आसिफ दाडी के बेटे समीर शेख की 12 मई 2016 की शाम को गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। यह वारदात भायखला के डॉकयार्ड रोड पर सरेआम अंजाम दी गई थी। इस गोलीबारी से पूरे इलाके में दहशत फैल गई थी। वारदात के तुरंत बाद मुंबई क्राइम ब्रांच एक्टिव हुई थी। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए महज 24 घंटे के भीतर माहिम इलाके से दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया था। इन आरोपियों की पहचान सादिक खान और जीशान अनवर शेख के रूप में हुई थी। मामले की जांच जैसे-जैसे आगे बढ़ी, पुलिस के सामने कई चौंकाने वाले खुलासे हुए। मुंबई क्राइम ब्रांच की गहन तफ्तीश में यह बात साफ हो गई है कि समीर शेख पर गोली किसी और ने नहीं बल्कि सैफ मस्तान ने ही चलाई थी। पुलिस के मुताबिक, सैफ मस्तान और समीर शेख के बीच काफी समय से एक आर्थिक विवाद चल रहा था। पैसों के इसी लेन-देन और आपसी रंजिश के कारण सैफ मस्तान ने समीर शेख की जान लेने की खौफनाक साजिश रची और वारदात को अंजाम देकर मुंबई से फरार हो गया था।

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: May 26, 2026, 09:59 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »




Maharashtra Updates: क्राइम ब्रांच की बड़ी कार्रवाई, भायखला फायरिंग केस का मुख्य आरोपी सैफ मस्तान गिरफ्तार #IndiaNews #National #BycullaShootingCase #SaifMastan #MaharashtraUpdates #SubahSamachar