Maharashtra: CM फडणवीस ने ताड़देव-नागपाड़ा-मुंबई सेंट्रल फ्लाईओवर का किया उद्घाटन, जानिए क्या फायदा मिलेगा
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने गुरुवार को ताड़देव-नागपाड़ा-मुंबई सेंट्रल फ्लाईओवर का वर्चुअल उद्घाटन किया। यह फ्लाईओवर दक्षिण मुंबई में पूर्व-पश्चिम को जोड़ने वाला एक महत्वपूर्ण लिंक है, जो यात्रियों को आवाजाही के लिए एक सुगम और वैकल्पिक रास्ता प्रदान करेगा। पुराने पुल की जगह लेगा नया फ्लाईओवर मुंबई सेंट्रल पर स्थित 130 साल पुराना ब्रिटिश कालीन पुल काफी जर्जर हो चुका था। प्रशासन ने इसे खतरनाक घोषित करने के बाद तोड़ दिया था। पिछले दो वर्षों से इस मार्ग पर कनेक्टिविटी बाधित थी। अधिकारियों का मानना है कि इस नए फ्लाईओवर के शुरू होने से जहांगीर बोमन बेहराम रोड (बेलासिस रोड), डॉ. दादासाहेब भडकमकर मार्ग (ग्रांट रोड), पाठे बापूराव मार्ग और महालक्ष्मी स्टेशन पुल पर ट्रैफिक का दबाव काफी कम हो जाएगा। फ्लाईओवर की खासियतें इस फ्लाईओवर की कुल लंबाई 333 मीटर है। इसमें पूर्वी हिस्सा 138.39 मीटर, पश्चिमी हिस्सा 157.39 मीटर और रेलवे सीमा के भीतर का हिस्सा 36.90 मीटर लंबा है। पुल का कैरिजवे सात मीटर चौड़ा है और पैदल चलने वालों की सुविधा के लिए दोनों तरफ काफी चौड़े फुटपाथ बनाए गए हैं। वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिए हुए इस उद्घाटन समारोह में मुख्यमंत्री के साथ उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे भी मौजूद रहे। ये भी पढ़ें:Ajit Pawar Plane Crash:रोहित पवार बारामती पुलिस स्टेशन पहुंचे; कार्यकर्ताओं की भारी भीड़ उमड़ी समय से पहले बनकर हुआ तैयार बृहन्मुंबई नगर निगम (बीएमसी) ने इस प्रोजेक्ट को मात्र 15 महीने और छह दिनों में पूरा किया है। टेंडर की शर्तों के अनुसार, इस काम को पूरा करने के लिए अभी चार महीने का समय और बाकी था, लेकिन बीएमसी ने इसे समय से पहले ही तैयार कर लिया। रेलवे ट्रैक के ऊपर का काम रेलवे अधिकारियों ने किया, जबकि गर्डर ब्रेसिंग, डेक शीट इंस्टॉलेशन, स्लैब कास्टिंग और दोनों तरफ की सड़कों का निर्माण बीएमसी ने पूरा किया। बीएमसी के ब्रिज विभाग, रेलवे, स्थानीय वार्ड ऑफिस और ट्रैफिक पुलिस के बीच बेहतर तालमेल की वजह से यह प्रोजेक्ट तय समय से पहले पूरा हो सका। चुनौतियों के बावजूद मिली सफलता इस प्रोजेक्ट के दौरान प्रशासन को कई बड़ी चुनौतियों का सामना करना पड़ा। इसमें बेस्ट (बीईएसटी) की बिजली लाइनों को हटाना, रास्ते में आने वाले निर्माणों को शिफ्ट करना, एक आवासीय सोसाइटी की दीवार गिराना और बॉम्बे हाई कोर्ट में चल रहे एक कानूनी मामले को सुलझाना शामिल था। सभी बाधाओं को पार करने के बाद, लोड टेस्ट और सुरक्षा प्रमाणपत्र मिलने के साथ ही अब यह फ्लाईओवर आम जनता के लिए खोल दिया गया है। अन्य वीडियो-
- Source: www.amarujala.com
- Published: Feb 26, 2026, 12:38 IST
Maharashtra: CM फडणवीस ने ताड़देव-नागपाड़ा-मुंबई सेंट्रल फ्लाईओवर का किया उद्घाटन, जानिए क्या फायदा मिलेगा #IndiaNews #National #TardeoNagpadaMumbaiCentralFlyover #DevendraFadnavisInauguration #SouthMumbaiEastWestConnectivity #BmcBridgeProject #MumbaiCentralOldBridgeDemolition #BestUtilityShifting #MahalaxmiStationTrafficRelief #JehangirBomanBehramRoadLink #GrantRoadCongestion #333MeterFlyoverProject #SubahSamachar
