मध्य प्रदेश में भीषण गर्मी की मार: खजुराहो में रिकॉर्ड 47.4 डिग्री तापमान दर्ज, सात जिलों में रेड अलर्ट जारी

मध्यप्रदेश इस समय भीषण गर्मी की गिरफ्त में है। प्रदेश के कई शहर तंदूर की तरह तप रहे हैं और सूरज की तीखी तपिश ने लोगों का जनजीवन प्रभावित कर दिया है। हालात इतने गंभीर हैं कि मौसम विभाग ने गुरुवार को पूरे प्रदेश में हीटवेव का अलर्ट जारी करते हुए 7 जिलों में तीव्र लू का रेड अलर्ट घोषित किया है। सबसे ज्यादा असर ग्वालियर-चंबल और बुंदेलखंड क्षेत्र में देखने को मिल रहा है। खजुराहो प्रदेश का सबसे गर्म शहर रिकॉर्ड किया गया, जहां तापमान 47.4 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। मौसम विभाग के अनुसार मई महीने में खजुराहो का यह अब तक का सबसे अधिक तापमान है। इससे पहले 29 अप्रैल 1993 को यहां 46.9 डिग्री तापमान दर्ज हुआ था। नौगांव 46.6 डिग्री के साथ दूसरा सबसे गर्म शहर रहा। दमोह में 46 डिग्री, मंडला में 45.6 डिग्री, सतना में 45.3 डिग्री और मुरैना में 45 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। टीकमगढ़, उमरिया, रीवा, सागर, नरसिंहपुर, रायसेन और दतिया समेत 16 शहरों में पारा 44 डिग्री के पार पहुंच गया। प्रदेश के बड़े शहरों में जबलपुर सबसे ज्यादा गर्म रहा, जहां तापमान 44.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। ग्वालियर में 44.3 डिग्री, भोपाल में 42.6 डिग्री, उज्जैन में 42 डिग्री और इंदौर में 41.1 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया। इन जिलों में रेड अलर्ट, 45 डिग्री के पार जा सकता है पारा मौसम विभाग ने भिंड, दतिया, निवाड़ी, टीकमगढ़, छतरपुर, पन्ना और सतना जिलों में तीव्र लू का रेड अलर्ट जारी किया है। इन इलाकों में तापमान 45 डिग्री या उससे अधिक रहने की संभावना है। वहीं भोपाल, ग्वालियर, श्योपुर, मुरैना, शिवपुरी, गुना, अशोकनगर, विदिशा, सागर, रायसेन, दमोह, कटनी, मैहर, रीवा, सीधी, सिंगरौली, रतलाम और झाबुआ समेत कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इधर इंदौर, उज्जैन, नीमच, मंदसौर, देवास, धार, खरगोन, खंडवा, हरदा, बालाघाट, मंडला, डिंडौरी, शहडोल और अन्य जिलों में येलो अलर्ट घोषित किया गया है। ये भी पढ़ें-Bhopal News: ट्रक-कार की भिड़ंत के बाद लगी भीषण आग, देर रात वाहन जलकर हुआ राख; देखें वीडियो अगले चार दिन राहत नहीं, नौतपा और बढ़ाएगा मुश्किल मौसम विभाग के अनुसार 23 मई तक प्रदेश में भीषण गर्मी का दौर जारी रहेगा। इसके बाद नौतपा शुरू होगा, जिससे तापमान और बढ़ सकता है। भोपाल, इंदौर, उज्जैन, ग्वालियर और जबलपुर समेत पूरे प्रदेश में तेज गर्मी पड़ने की संभावना जताई गई है। दोपहर में घर से निकलने पर चेतावनी मौसम वैज्ञानिकों ने दोपहर 12 बजे से 3 बजे के बीच विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है। लोगों से जरूरी होने पर ही बाहर निकलने, पर्याप्त पानी पीने और शरीर को हाइड्रेट रखने की अपील की गई है। बच्चों और बुजुर्गों को खास सतर्क रहने को कहा गया है।

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: May 21, 2026, 04:04 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »




मध्य प्रदेश में भीषण गर्मी की मार: खजुराहो में रिकॉर्ड 47.4 डिग्री तापमान दर्ज, सात जिलों में रेड अलर्ट जारी #CityStates #MadhyaPradesh #Bhopal #HeatWaveForecast #KhajurahoTemperature #WeatherDepartment #ScorchingHeat #SummerSeason #SummerWeather #MadhyaPradeshWeather #HeatWaveThreat #SubahSamachar