Lucknow: औचक निरीक्षण पर चिनहट सीएचसी पहुंचे डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक, गंदगी देख भड़के, सख्त चेतावनी दी
लखनऊ के चिनहट स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में सोमवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब उत्तर प्रदेश के डिप्टी सीएम व स्वास्थ्य मंत्री ब्रजेश पाठक औचक निरीक्षण करने पहुंच गए। बिना किसी पूर्व सूचना के पहुंचे डिप्टी सीएम को देखकर अस्पताल प्रशासन और स्टाफ में हलचल मच गई। निरीक्षण के दौरान डिप्टी सीएम सीधे ओपीडी पहुंचे और वहां मौजूद मरीजों से बातचीत कर अस्पताल में मिल रही स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने मरीजों से दवाइयों, जांच और डॉक्टरों की उपलब्धता के बारे में भी पूछा। ये भी पढ़ें - संघ की नजर में यूपी-उत्तराखंड अहम क्षेत्र, करने जा रहा बड़ा बदलाव; विधानसभा चुनाव के बाद होगा लागू ये भी पढ़ें - दरोगा भर्ती: बोर्ड करेगा विवादित प्रश्न की जांच, ब्लैक लिस्ट हो सकती है पेपर बनाने वाली कंपनी; एफआईआर भी होगी इस दौरान उन्होंने अस्पताल परिसर की साफ-सफाई का भी जायजा लिया और गंदगी दिखने पर नाराजगी दिखाई। उन्होंने उपस्थिति रजिस्टर की जांच कर यह देखा कि डॉक्टर और स्वास्थ्यकर्मी समय पर ड्यूटी पर मौजूद हैं या नहीं। डिप्टी सीएम ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि मरीजों के इलाज में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इसके अलावा उन्होंने संचारी रोग नियंत्रण अभियान को लेकर भी अधिकारियों से जानकारी ली और रूट मैप की समीक्षा करते हुए अभियान को प्रभावी ढंग से चलाने के निर्देश दिए। डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक के इस औचक निरीक्षण को स्वास्थ्य विभाग के लिए कड़ा संदेश माना जा रहा है कि सरकारी अस्पतालों में व्यवस्थाएं दुरुस्त रखें और मरीजों को बेहतर इलाज उपलब्ध कराएं।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Mar 16, 2026, 13:49 IST
Lucknow: औचक निरीक्षण पर चिनहट सीएचसी पहुंचे डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक, गंदगी देख भड़के, सख्त चेतावनी दी #CityStates #Lucknow #UttarPradesh #LucknowNews #DeputyCmBrajeshPathak #ChinhatChcLucknow #SubahSamachar
