Hisar: वेलेंटाइन डे नाबालिग प्रेमिका के साथ प्रेमी ने निगला जहर, दोनों अग्रोहा मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराए
वैलेंटाइन-डे के दिन बरवाला क्षेत्र में प्रेमी युगल ने जहरीला पदार्थ निगल लिया। करीब 17 वर्षीय नाबालिग किशोरी तथा 19 वर्षीय युवक खेतों में नहर के पास अचेत अवस्था में मिले। दोनों को गंभीर अवस्था में महाराजा अग्रसेन मेडिकल कॉलेज अग्रोहा में भर्ती कराया गया है। इस मामले में पुलिस ने कोई केस दर्ज नहीं किया है। जानकारी के अनुसार 19 वर्षीय युवक अपने पड़ोस के गांव के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय का छात्र था। स्कूल वाले गांव की एक छात्रा से उसका प्रेम प्रसंग था। छात्रा जब नौवीं कक्षा में थी तब से उनके बीच दोस्ती थी। दोनों ने 11वीं कक्षा के बाद पढ़ाई छोड़ दी थी। परिजनों को कुछ समय पहले उनके संबंध की जानकारी मिली थी। परिजनाें ने शादी के लिए सहमति भी जता दी थी। किशोरी के परिजनों का कहना था कि बालिग होने के बाद दोनों की शादी कर दी जाएगी। तब तक रोका की रस्म पूरी करने पर राजी हो गए थे। 13 फरवरी को रोके की रस्म पूरी होने की बात भी सामने आई है। युवक जल्द शादी करने की जिद कर रहा था। शनिवार को वेलेंटाइन डे के दिन दोपहर करीब दो बजे खेतों से गुजर रहे एक ग्रामीण ने दोनों को अचेत हालत में देखा। उसने तुरंत गांव के सरपंच और अन्य लोगों को सूचना दी। इसके बाद परिजन मौके पर पहुंचे और दोनों को अग्रोहा मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया। चिकित्सकों ने जांच के बाद बताया कि दोनों ने जहरीले पदार्थ को निगला है।अग्रोहा मेडिकल कॉलेज के चिकित्सकों ने बताया कि दोनों की हालत स्थिर है। अभी कुछ कहा नहीं जा सकता। 24 घंटे बाद स्थिति क्लीयर होगी। बरवाला थाना प्रभारी कर्मजीत ने ऐसी सूचना होने से इनकार किया।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Feb 15, 2026, 08:18 IST
Hisar: वेलेंटाइन डे नाबालिग प्रेमिका के साथ प्रेमी ने निगला जहर, दोनों अग्रोहा मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराए #Crime #Hisar #Haryana #SubahSamachar
