हत्या या हादसा?: कटनी में जलती दुकान के अंदर मिला शव; परिजनों का आरोप, पुरानी दुश्मनी में रची गई मौत की साजिश
मध्य प्रदेश के कटनी जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। कुठला थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत कछगवां में एक व्यक्ति का जला हुआ शव मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान 52 वर्षीय रघुनाथ पटेल के रूप में हुई है, जो कबाड़ की दुकान चलाते थे। परिजनों ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि रघुनाथ पटेल की पहले हत्या की गई और फिर उनकी दुकान में आग लगाकर इसे हादसा दिखाने की कोशिश की गई। जानकारी के मुताबिक, कछगवां (जोबा) निवासी तेजीलाल चौधरी और रघुनाथ पटेल के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। घटना से एक दिन पहले भी दोनों के बीच कहासुनी हुई थी। पढ़ें:भोपाल और इंदौर मेट्रो यात्रियों को मिलेगी विशेष छूट,आज से लागू होगा नया ऑटोमैटिक फेयर कलेक्शन सिस्टम मृतक के बेटे और बहन का कहना है कि इस विवाद की शिकायत पहले ही पुलिस से की गई थी, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। परिजनों का आरोप है कि आरोपी ने पहले जान से मारने की धमकी भी दी थी और घटना के बाद से वह फरार है। घटना से नाराज़ परिजनों और ग्रामीणों ने शव को सड़क पर रखकर चक्का जाम कर दिया, जिससे यातायात पूरी तरह बाधित हो गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद जाम खुलवाया। पुलिस के अनुसार, दुकान में आग लगने की सूचना पर जब आग बुझाई गई, तो अंदर से रघुनाथ पटेल का जला हुआ शव बरामद हुआ। फिलहाल शव का पोस्टमार्टम कराया गया है और रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। कुठला थाना प्रभारी राजेंद्र मिश्रा ने बताया कि परिजनों के आरोपों सहित सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है। आगे की कार्रवाई पोस्टमार्टम रिपोर्ट और बयानों के आधार पर की जाएगी।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Apr 27, 2026, 13:30 IST
हत्या या हादसा?: कटनी में जलती दुकान के अंदर मिला शव; परिजनों का आरोप, पुरानी दुश्मनी में रची गई मौत की साजिश #CityStates #Crime #Katni #MadhyaPradesh #MpNews #LiveVideo #KatniNews #KatniViralNews #KatniCrimeNews #KatniLatestNews #SubahSamachar
