Yamuna Nagar News: सुपर 100 परीक्षा में 75 फीसदी से भी कम रही उपस्थिति, 284 नहीं आए
जगाधरी। विद्यार्थियों को जेई, नीट, आईआईटी की प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए चलाई गई सुपर-100 योजना के तहत बुधवार को परीक्षा हुई। परीक्षा के लिए जिले में कुल पांच केंद्र बनाए गए थे। इस बार सुपर-100 के लिए जिले से 1129 विद्यार्थियों ने पंजीकरण करवाया था। इनमें से बुधवार को कुल 845 विद्यार्थियों ने परीक्षा दी और 284 अनुपस्थित रहे। सुपर-100 की परीक्षा में विद्यार्थियों की कुल उपस्थिति 75 प्रतिशत से भी कम रही। इस दौरान कुल उपस्थिति 74.84 प्रतिशत रही। परीक्षा के लिए विद्यार्थियों को केंद्र पर आधा घंटा पहले बुलाया गया था। परीक्षा सायं कालीन सत्र में दोपहर 12:30 से 2:30 बजे तक हुई। विद्यार्थियों को 12 बजे केंद्र पर पहुंचना था, लेकिन सभी परीक्षार्थी समय से पहले पहुंच गए। परंतु तय समय पर ही विद्यार्थियों को प्रवेश दिया गया। इस दौरान विद्यार्थियों को गहन जांच के बाद ही केंद्र के भीतर जाने दिया गया। वहीं, सुरक्षा की दृष्टि से सभी केंद्रों पर व्यापक प्रबंध किए गए थे। केंद्रों के बाहर पुलिस बल तैनात रहा। इस दौरान जिला शिक्षा अधिकारी, उपजिला शिक्षा अधिकारी, खंड शिक्षा अधिकारी और जिला विज्ञान विशेषज्ञ की टीमों ने केंद्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान किसी केंद्र पर उपद्रव व नकल संबंधी कोई मामला सामने नहीं आया। परीक्षा के दौरान शिक्षा विभाग व प्रशासन अलर्ट रहा। परीक्षा जिला विज्ञान विशेषज्ञ विशाल सिंघल ने बताया कि पहले चरण की परीक्षा संपन्न हो गई है। दोनों चरण उत्तीर्ण करने वाले विद्यार्थियों को आवासीय शिक्षा व प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए नि:शुल्क कोचिंग दी जाएगी।बॉक्सकुरुक्षेत्र में होगी दूसरे चरण की परीक्षा:सुपर-100 की परीक्षा के कुल दो चरणों होंगे। जिला विज्ञान विशेषज्ञ विशाल सिंघल ने बताया कि पहले चरण की परीक्षा का परिणाम 15 मार्च को जारी किया जाएगा। पहला चरण की परीक्षा की उत्तीर्ण करने वाले विद्यार्थी दूसरे चरण की परीक्षा में भाग लेंगे। दूसरे चरण की परीक्षा कुरुक्षेत्र के सेंटर पर दो अप्रैल पर होगी। इसके लिए उत्तीर्ण विद्यार्थियों को कुरुक्षेत्र में तीन दिन का प्रशिक्षण देने के साथ पढ़ाई करवाई जाएगी। तीन दिन में करवाए सिलेबस से ही परीक्षा ली जाएगी। दूसरे चरण का परिणाम 30 अप्रैल को जारी किया जाएगा। इस चरण की परीक्षा उत्तीर्ण करने वाले विद्यार्थियों की पांच मई से कक्षाएं लगेंगी।बॉक्सइस केंद्र पर इतनी रही उपस्थितिसुपर-100 परीक्षा के लिए जिले में कुल पांच केंद्र बनाए गए थे। इस दौरान सबसे ज्यादा विद्यार्थी जगाधरी खंड में रहे। इसके लिए राजकीय आदर्श संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय जगाधरी में केंद्र बनाया था। इस केंद्र पर कुल 389 विद्यार्थियों की परीक्षा होनी थी, लेकिन 288 परीक्षार्थी ही पहुंचे और 101 अनुपस्थित रहे। वहीं, राजकीय आदर्श संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय व्यासपुर केंद्र पर 251 की परीक्षा होनी थी, परंतु 202 विद्यार्थी पहुंचे और 49 अनुपस्थित रहे। इसी तरह राजकीय आदर्श संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय छछरौली केंद्र में 160 में से 132 विद्यार्थियों ने परीक्षा और 28 अनुपस्थित रहे। राजकीय आदर्श संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय रादौर केंद्र पर 174 में 146 ने परीक्षा दी और 28 विद्यार्थी अनुपस्थित रहे। राजकीय आदर्श संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय सरस्वतीनगर केंद्र पर 155 में से मात्र 77 ने परीक्षा दी और 78 अनुपस्थित रहे।--------
- Source: www.amarujala.com
- Published: Feb 12, 2026, 03:09 IST
Yamuna Nagar News: सुपर 100 परीक्षा में 75 फीसदी से भी कम रही उपस्थिति, 284 नहीं आए #LessThan75PercentAttendanceInSuper100Exam #284DidNotCome #SubahSamachar
