Gurugram News: घामडोज टोल पर वकील से मारपीट, फास्टैग स्कैन न होने पर हुआ झगड़ा

घामडोज टोल पर वकील से मारपीट, टैक्स स्कैन को लेकर हुआ झगड़ा- पुलिस ने दर्ज की प्राथमिकी संवाद न्यूज एजेंसीसोहना। सोहना-गुरुग्राम मार्ग पर स्थित घामडोज टोल प्लाजा पर एक वकील के साथ मारपीट की गई। साथ ही गाड़ी में तोड़फोड़ व सामान छीनने की कोशिश किये जाने का भी आरोप है। पीड़ित वकील का आरोप है कि टोल कर्मचारियों ने फास्ट टैग स्कैन न होने पर वकील के साथ मारपीट की थी। भोंडसी पुलिस ने वकील की शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज की है। सोहना के वार्ड नंबर 4, हरिनगर निवासी रविन्द्र कुमार बुधवार की दोपहर को गाड़ी से गुरुग्राम की ओर से आ रहा था। रविन्द्र पेशे से वकील है और सोहना तहसील में कार्य करता है। घामडोज टोल पर पहुंचने पर वकील ने अपनी गाड़ी टोल की लाइन में लगा दी थी लेकिन उसका फ़ास्टैग स्कैन नहीं हो सका। वकील ने गाड़ी को निकल जाने के लिए टोल कर्मचारियों से कहा। परन्तु कर्मचारियों ने वकील को दूसरी लाइन बदल जाने को बोल दिया। वकील ने पहली लाइन को छोड़कर दूसरी लाइन में अपनी गाड़ी लगा दी पर वहां पर भी स्कैन नहीं हो सका था। वकील ने फास्टैग स्कैन न होने पर टोल कर्मचारियों से स्कैनर को ठीक कराने को कहा। तथा वकील ने टोल की वीडियो बनानी शुरू कर दी। इस पर टोल कर्मचारियों व वकील में गाली गलौज हो गई। वकील ने 112 नंबर डायल कर पुलिस को फोन कर दिया जिस पर टोल कर्मचारी भड़क गए। उन्होंने वकील से वीडियो डिलीट करने को कहा लेकिन वकील ने साफ इन्कार कर दिया जिससे टोल कर्मचारी भड़क गए और उन्होंने वकील के साथ हाथापाई शुरू कर दी। साथ ही रविन्द्र की गाड़ी का शीशा तोड़ डाला। झगड़ा होने पर आसपास मौजूद लोगों ने वकील को बचाया। पीड़ित ने घटना की शिकायत लिखित रूप में पुलिस को दी। भोंडसी पुलिस ने घामडोज टोल स्टॉफ के खिलाफ मारपीट करने, गाड़ी में तोड़फोड़ करने व सामान छीनने की कोशिश किए जाने की धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की है। भोंडसी थाना प्रभारी सुरेंद्र सिंह ने बताया कि वकील की शिकायत पर जांच की जा जारी है।

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: May 05, 2026, 19:14 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »




Gurugram News: घामडोज टोल पर वकील से मारपीट, फास्टैग स्कैन न होने पर हुआ झगड़ा #LawyerAssaultedAtGhamdojToll #FightBrokeOutDueToFastagNotBeingScanned #SubahSamachar