पर्याप्त नींद की कमी रोगों की जड़ : डॉ. कोटवाल
पालमपुर (कांगड़ा)। स्वस्थ जीवन जीने के विषय को लेकर रोटरी क्लब पालमपुर की ओर से रोटरी भवन में जीवनशैली रोगों पर स्वास्थ्य जागरूकता संगोष्ठी का आयोजन किया गया। इस अवसर पर एंडोक्राइनोलॉजिस्ट लेफ्टिनेंट जनरल डॉ. नरेंद्र कोटवाल (सेवानिवृत्त), निदेशक एंडोक्राइनोलॉजी, पारस हेल्थ, पंचकूला मुख्य वक्ता के रूप में मौजूद रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ रोटरी क्लब पालमपुर के अध्यक्ष रोटेरियन अजय सूद और सचिव रोटेरियन राघव शर्मा ने मुख्यातिथि के स्वागत के साथ किया। डॉ. आदर्श ने रोटरी क्लब पालमपुर की ओर से संचालित विभिन्न सेवा एवं जनकल्याणकारी परियोजनाओं की जानकारी दी। डॉ. कोटवाल ने मधुमेह, मोटापा, उच्च रक्तचाप, थायराइड विकार सहित हृदय रोगों जैसे बढ़ते जीवनशैली रोगों पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने बताया कि असंतुलित खान-पान, शारीरिक निष्क्रियता, मानसिक तनाव और पर्याप्त नींद की कमी इन रोगों के प्रमुख कारण हैं। उन्होंने संतुलित आहार, नियमित व्यायाम, तनाव प्रबंधन और समय-समय पर स्वास्थ्य जांच को स्वस्थ जीवन की आधारशिला बताया। संगोष्ठी में रोटेरियन्स, पालमपुर एनजीओ समूह के सदस्यों सहित क्षेत्र के अनेक नागरिकों ने भाग लिया। इस मौके पर राजीव आहल, रोटरी क्लब पालमपुर के सदस्य और विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि मौजूद रहे। रोटरी क्लब पालमपुर ने लेफ्टिनेंट जनरल डॉ. नरेंद्र कोटवाल (सेवानिवृत्त) को उत्कृष्ट योगदान के लिए सम्मानित किया।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Jun 13, 2026, 18:56 IST
पर्याप्त नींद की कमी रोगों की जड़ : डॉ. कोटवाल #LackOfAdequateSleepIsTheRootCauseOfDiseases:Dr.Kotwal #SubahSamachar
