Kaushambi - कोखराज टैंकर हादसा- दो और लोगों की मौत, मृतकों की संख्या पांच हुईं
कौशाम्बी के कोखराज क्षेत्र स्थित सिहोरी टोल प्लाजा के पास 26 जून को हुए भीषण एलपीजी टैंकर हादसे में झुलसे दो और लोगों ने बृहस्पतिवार को एसआरएन अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। इसके साथ ही हादसे में जान गंवाने वालों की संख्या पांच हो गई है। मृतकों में रायबरेली के नसीराबाद थाना क्षेत्र के राजापुर निवासी 29 वर्षीय हीरामणि सिंह और मध्य प्रदेश के सीधी जिले के जमोड़ी थाना क्षेत्र के कठैली गांव निवासी 23 वर्षीय कृष्णपाल मौर्य शामिल हैं। हीरामणि सिंह ने बुधवार देर रात करीब एक बजे अंतिम सांस ली, जबकि कृष्णपाल मौर्य की गुरुवार सुबह करीब छह बजे मौत हो गई। चाचा माधव प्रताप सिंह ने बताया कि उनका भतीजा हीरामणि सिंह मां-बाप के इकलौते थे। चार वर्ष पहले उनके पिता वीरेंद्र बहादुर सिंह का निधन हो चुका था। परिवार में मां मायावती सिंह, पत्नी प्रतिभा सिंह और दो छोटे बेटे नौ वर्षीय युग और पांच वर्षीय वेद हैं। वहीं, कृष्णपाल मौर्य दो भाइयों में छोटे थे। उनके बड़े भाई वेद प्रकाश मौर्य ने बताया कि वह पिछले दो वर्षों से सिहोरी टोल प्लाजा पर नौकरी कर रहे थे और अविवाहित थे। 26 जून को सिहोरी टोल प्लाजा के पास एक एलपीजी टैंकर डिवाइडर से टकराकर पलट गया था। हादसे के बाद हुए विस्फोट से लगी आग के कारण टैंकर चालक धर्मेंद्र दुबे और टोल प्लाजा कर्मी आलोक की मौके पर ही मौत हो गई थी। गंभीर रूप से झुलसे हंडिया निवासी अनिल कुमार ने बुधवार को दम तोड़ दिया था। अब दो और घायलों की मौत के बाद मृतकों की संख्या बढ़कर पांच हो गई है। हादसे में झुलसे अन्य घायलों का इलाज अभी भी अस्पताल में जारी है।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Jul 02, 2026, 16:41 IST
Kaushambi - कोखराज टैंकर हादसा- दो और लोगों की मौत, मृतकों की संख्या पांच हुईं #CityStates #Kaushambi #KaushambiKokhrajThana #KokhrajTollPlaza #TollPlazaTankerBlast #SubahSamachar
