Uttarakhand: चाकू की नोक पर दुष्कर्म का आरोपी पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार, पैर में लगी गोली; SSP ने की पूछताछ
सिडकुल से काम कर घर लौट रहे युवक के साथ लूटपाट व चाकू की नोक पर दुष्कर्म करने वाले मुख्य आरोपी को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी के दाहिने पैर में गोली लगी। घायल आरोपी को जिला अस्पताल रुद्रपुर में भर्ती कराया गया। जिला अस्पताल में एसएसपी अजय गणपति ने आरोपी से पूछताछ की। शुक्रवार की देर रात एसएसपी अजय गणपति के निर्देश पर प्रभारी निरीक्षक संजय पाठक पुलिस टीम के साथ लूट व दुष्कर्म के फरार आरोपी ग्राम बेरी घाट निवासी गुरप्रीत सिंह उर्फ गोपी की तलाश में दबिश दे रहे थे। मछली झाला के समीप सामने से आ रहे बाइक सवार को रोकने का प्रयास किया ,तो बाइक सवार पुलिस पर फायरिंग करता हुआ बाइक से गलाबाग की ओर भाग गया। पुलिस टीम ने पीछा किया। उसकी बाइक फिसल गई। आरोपी पुलिस टीम पर फायरिंग करता हुआ झाड़ियां की आड़ से भागने लगा। चेतावनी के बाद जवाबी फायरिंग की पुलिस की एक गोली आरोपी के दाहिने पैर में जा लगी। गोली लगने से आरोपी वहीं गिर पड़ा। पुलिस ने घायल को हिरासत में ले लिया। घायल की पहचान फरार गुरप्रीत सिंह उर्फ गोपी के रूप में हुई। पुलिस ने आरोपी से लूटा गया पर्स, 1220 रुपये, नेपाली 30 रुपये, एटीएम कार्ड मोबाइल खरीद के रसीद, बिना नंबर की बाइक, 315 बोर का तमंचा व कारतूस बरामद किए। घायल आरोपी को जिला अस्पताल रुद्रपुर में भर्ती कराया। मुठभेड़ में अपराधी के घायल होने की सूचना मिलने पर एसएसपी अजय गणपति ने अस्पताल पहुंच कर उससे पूछताछ की। मालूम हो किम बुधवार की रात सिडकुल से काम कर घर लौट रहे युवक से झनकट निवासी दीपक, बानूसी निवासी मनोज भाटिया व बेरीघाट निवासी गुरप्रीत सिंह उर्फ गोपी ने लूटपाट की। साथ ही गुरप्रीत सिंह ने चाकू की नोक पर युवक के साथ दुष्कर्म किया था। दुष्कर्म का मनोज भाटिया वीडियो बना रहा था। ग्रामीणों ने मनोज व दीपक को पकड़ कर पुलिस को सौंप दिया था। गुरप्रीत घटना के बाद से ही फरार चल रहा था। फरार आरोपी की गिरफ्तारी व नशे के कारोबार के विरोध में ग्रामीणों ने बृहस्पतिवार को कोतवाली घेराव किया था। एसएसपी ने फरार आरोपी को शीघ्र पकड़ने के सख्त निर्देश दिए थे। आरोपी को पकड़ने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक संजय पाठक, प्रतापपुर चौकी इंचार्ज राजेंद्र पंत, एसआई मनोज जोशी, हेड कांस्टेबल रघुनाथ गोस्वामी, मोहम्मद इमरान, नवीन जोशी, नरेंद्र बोरा शामिल थे।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Aug 07, 2026, 12:52 IST
Uttarakhand: चाकू की नोक पर दुष्कर्म का आरोपी पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार, पैर में लगी गोली; SSP ने की पूछताछ #CityStates #Nainital #UdhamSinghNagar #Uttarakhand #UttarakhandNews #UkNews #NanakmattaMisdeedNews #SubahSamachar
