Pauri News: कीर्तिनगर ब्लॉक के इंटर कॉलेजों के बहुरेंगे दिन, जिला योजना से 84 लाख की मंजूरी
कीर्तिनगर। विकासखंड कीर्तिनगर के राजकीय इंटर कॉलेजों और हाईस्कूलों में लंबे समय से बनी आधारभूत सुविधाओं की कमी अब काफी हद तक दूर हो जाएगी। जिला योजना के तहत ब्लॉक के विभिन्न विद्यालयों में नए कक्षा-कक्षों के निर्माण, भवनों की मरम्मत और अन्य आवश्यक कार्यों के लिए करीब 84 लाख रुपये की धनराशि स्वीकृत की गई है। खंड शिक्षाधिकारी डॉ. यशवंत सिंह नेगी ने बताया कि राजकीय इंटर कॉलेज खोला, राड़ागाड़ और चौकी में बरामदे सहित नए कक्षा-कक्षों के निर्माण के लिए 21-21 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इन विद्यालयों में नए कक्ष बनने से विद्यार्थियों को पर्याप्त स्थान मिलेगा और शिक्षण व्यवस्था पहले से अधिक व्यवस्थित हो सकेगी।इसके अलावा राजकीय इंटर कॉलेज कपरोली में भवन मरम्मत के लिए पांच लाख रुपये, राजकीय इंटर कॉलेज बैंजवाड़ी में कक्षा-कक्षों की मरम्मत के लिए चार लाख रुपये, राजकीय इंटर कॉलेज गोनीखाल में सुरक्षा की दृष्टि से पुश्ता निर्माण के लिए तीन लाख रुपये तथा राजकीय इंटर कॉलेज डांग में विद्यालय की जर्जर छत की मरम्मत के लिए सात लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं। वहीं राजकीय हाईस्कूल लक्ष्मोली में लंबे समय से अधूरे पड़े निर्माण कार्यों को पूरा करने के लिए दो लाख रुपये की मंजूरी दी गई है। खंड शिक्षाधिकारी डॉ. यशवंत सिंह नेगी ने कहा कि जिला योजना से मिली धनराशि विद्यालयों के लिए काफी महत्वपूर्ण साबित होगी। इससे लंबे समय से लंबित निर्माण एवं मरम्मत कार्य पूरे होंगे और विद्यालयों की आधारभूत सुविधाओं में सुधार आएगा। उन्होंने बताया कि कार्यों को समयबद्ध ढंग से पूरा कराने के लिए संबंधित विद्यालयों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जा रहे हैं।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Jul 07, 2026, 17:25 IST
Pauri News: कीर्तिनगर ब्लॉक के इंटर कॉलेजों के बहुरेंगे दिन, जिला योजना से 84 लाख की मंजूरी #KirtinagarBlock'sInterCollegesWillSeeBrighterDays #WithDistrictPlanningApproving84LakhRupees. #SubahSamachar
