झारखंड न्यूज: तीन नाबालिग लड़कियों से दुष्कर्म, दो आरोपी गिरफ्तार; दो की तलाश जारी
झारखंड के खूंटी थाना क्षेत्र में तीन नाबालिग लड़कियों के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया है। इस मामले में पुलिस ने चार युवकों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। इनमें से दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि बाकी दो की तलाश की जा रही है। पीड़िताओं के बयान के आधार पर खूंटी महिला थाना पुलिस ने मंगलवार को पॉक्सो एक्ट और अन्य संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया। पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर रही है और मामले की जांच जारी है। बहला-फुसलाकर अलग-अलग जगहों पर ले गए आरोपी मामले की जानकारी के अनुसार, चार युवक तीनों नाबालिग लड़कियों को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गए थे। आरोप है कि युवकों ने रात के समय तीनों पीड़िताओं को अलग-अलग स्थानों पर ले जाकर उनके साथ जबरदस्ती की। घटना के बाद मंगलवार को खूंटी महिला थाना में तीनों नाबालिगों के बयान दर्ज किए गए। पीड़िताओं के बयानों के आधार पर पुलिस ने पॉक्सो एक्ट और अन्य संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की। इसके बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई तेज कर दी। मारंगहादा थाना क्षेत्र के रहने वाले हैं गिरफ्तार आरोपी प्राथमिकी दर्ज होने के बाद पुलिस ने दो आरोपियों को हिरासत में लेकर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की शुरुआती जांच में पता चला है कि दोनों गिरफ्तार आरोपी मारंगहादा थाना क्षेत्र के रहने वाले हैं। पुलिस उनसे लगातार पूछताछ कर रही है। वहीं, प्राथमिकी में नामजद बाकी दो आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीम तलाश कर रही है। पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Nov 04, 2026, 11:09 IST
झारखंड न्यूज: तीन नाबालिग लड़कियों से दुष्कर्म, दो आरोपी गिरफ्तार; दो की तलाश जारी #CityStates #Ranchi #Jharkhand #JharkhandNews #SubahSamachar
