ढिल्लों का कांग्रेस पर हमला: दिल्ली की रैली को लेकर उठाए सवाल, कहा- यह सिखों के जख्मों पर नमक छिड़कने जैसा
पंजाब भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों ने कांग्रेस पार्टी द्वारा एक नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में रैली करने के फैसले की कड़ी निंदा की है। उन्होंने कहा कि यह सिखों के जख्मों पर नमक छिड़कने वाली हरकत है। लुधियाना स्थित भाजपा कार्यालय में मीडिया से बातचीत करते हुए केवल सिंह ढिल्लों ने कहा कि 1 नवंबर सिख समुदाय के लिए कोई सामान्य तारीख नहीं, बल्कि शोक का दिन है। 1984 के दंगों को लेकर कांग्रेस पर बोला हमला वर्ष 1984 में इसी दिन दिल्ली की गलियों में सिखों को चुन-चुनकर मारा गया, गुरुद्वारों को जलाया गया और घरों को उजाड़ दिया गया। दिल्ली सहित देश के विभिन्न हिस्सों में हजारों सिख मारे गए। कितनी माताओं ने अपने बेटे खोए और कितनी बहनें विधवा हुईं, इसका कोई हिसाब नहीं है। प्रदेश अध्यक्ष ढिल्लों ने कहा कि कांग्रेस ने पहले दरबार साहिब पर हमला किया। श्री अकाल तख्त साहिब को ढहा दिया और फिर नवंबर 1984 में दिल्ली तथा देश के अन्य शहरों में सिखों का नरसंहार हुआ। इन जख्मों को बार-बार कुरेदने का काम भी कांग्रेस ने ही किया है। केवल सिंह ढिल्लों ने कहा कि पीड़ितों को न्याय मिलने में 40 साल लग गए।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Oct 24, 2026, 16:12 IST
ढिल्लों का कांग्रेस पर हमला: दिल्ली की रैली को लेकर उठाए सवाल, कहा- यह सिखों के जख्मों पर नमक छिड़कने जैसा #CityStates #Election #Ludhiana #Chandigarh-punjab #Punjab #PunjabAssemblyElection2027 #KewalSinghDhillon #CongressRallyInDelhi #SubahSamachar
