ओडेसा मिसाइल हमला: शादी से पहले उजड़ गया केरल के नाविक अखिल जोयन का घर, नौकरी छोड़ने से पहले ही छिन गई जिंदगी
यूक्रेन के ओडेसा बंदरगाह के पास हुए रूसी मिसाइल हमले ने केरल के एक परिवार की सारी खुशियां छीन लीं। ओडेसा से अनाज लेकर रवाना हो रहे व्यापारी जहाज एमवी गोल्डन लियो पर तीन क्रूज मिसाइलें दागी गईं। इस हमले में चार भारतीय नाविकों समेत 10 लोगों की मौत हो गई। मृतकों में केरल के कासरगोड जिले के 26 वर्षीय नाविक अखिल जोयन भी शामिल हैं। अखिल दो महीने बाद शादी करने वाले थे और इसी महीने जहाज की नौकरी छोड़कर नई शुरुआत की तैयारी कर रहे थे। दो महीने बाद बजनी थी शहनाई, घर में छा गया मातम अखिल अपने माता-पिता के इकलौते बेटे थे। उनके पिता जोयन मर्चेंट नेवी से जुड़े रहे हैं, जबकि मां सली डाक विभाग में कार्यरत हैं। परिवार ने हाल ही में नया घर बनाया था। तीन महीने पहले ही अखिल की सगाई हुई थी और दो महीने बाद शादी की तारीख तय थी। घर में शादी की तैयारियां चल रही थीं, लेकिन मिसाइल हमले ने पलभर में खुशियों को मातम में बदल दिया। जहाज छोड़ने वाले थे, लेकिन उससे पहले आ गई मौत चेन्नई से नॉटिकल साइंस की पढ़ाई पूरी करने के बाद अखिल 19 साल की उम्र में मर्चेंट नेवी में शामिल हुए थे। पिछले छह वर्षों से वे समुद्र में सेवाएं दे रहे थे। परिवार के मुताबिक, वे अब जोखिम भरे समुद्री मार्गों से दूर रहना चाहते थे। इसी महीने के आखिर में वे एमवी गोल्डन लियो से साइन-ऑफ कर किसी सुरक्षित शिपिंग कंपनी में नौकरी करने वाले थे, लेकिन उससे पहले ही यह हमला उनकी जिंदगी पर भारी पड़ गया। यह भी पढ़ें:भारत की दो-टूक:'PAK रोके आतंकवाद, तभी आगे बढ़ेगी बात', सिंधु जल संधि को मिलेगा नया रूप, सरकार की तैयारी क्या खेलों में भी बनाया था रिकॉर्ड अखिल सिर्फ एक कुशल नाविक ही नहीं, बल्कि बेहतरीन खिलाड़ी भी थे। उन्होंने 30 सेकंड में सबसे ज्यादा रोप पुल-अप्स करने का विश्व रिकॉर्ड बनाया था। स्थानीय स्तर पर वे रस्साकशी के जाने-माने खिलाड़ी थे। उनके शांत स्वभाव और मेहनती व्यक्तित्व की इलाके में खूब चर्चा होती थी। परिवार का आर्थिक और भावनात्मक सहारा भी वही थे। इस हमले से जुड़ी पांच बड़ी बातें ओडेसा से अनाज लेकर जा रहे एमवी गोल्डन लियो पर तीन क्रूज मिसाइलों से हमला हुआ। हमले में चार भारतीय नाविकों की मौत हुई, जबकि एक भारतीय गंभीर रूप से घायल है। रूस-यूक्रेन युद्ध के दौरान समुद्री हमले में किसी भारतीय नाविक की मौत का यह पहला मामला माना जा रहा है। केरल सरकार ने नोरका के जरिए विदेश मंत्रालय और रूसी वाणिज्य दूतावास से संपर्क किया है। अखिल दो महीने बाद शादी करने वाले थे और इसी महीने जहाज छोड़ने की तैयारी में थे।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Jul 21, 2026, 06:37 IST
ओडेसा मिसाइल हमला: शादी से पहले उजड़ गया केरल के नाविक अखिल जोयन का घर, नौकरी छोड़ने से पहले ही छिन गई जिंदगी #IndiaNews #National #AkhilJoyan #KeralaSeafarer #OdesaMissileAttack #SubahSamachar
