Prayagraj : करछना विधायक की कार में ट्रक ने मारी टक्कर, जान से मारने का आरोप

अरैल बांध रोड स्थित नगर निगम के सीएनजी प्लांट के पास सोमवार रात एक तेज रफ्तार ट्रक ने करछना विधायक पीयूष रंजन निषाद की कार और स्कॉट को टक्कर मार दी। हादसे में विधायक व सुरक्षा कर्मी बाल बाल बच गए। विधायक ने जान से मारने की नीयत से टक्कर मारने का आरोप लगाते हुए अज्ञात के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है। पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर आरोपी चालक को गिरफ्तार कर लिया है। एफआईआर में बताया गया कि सोमवार रात वह अरैल बांध रोड से ओमेक्स सिटी की ओर जा रहे थे। जैसे ही वह नगर निगम के सीएनजी प्लांट के पास पहुंचे कि उनकी कार में दाईं ओर से एक ट्रक ने टक्कर मार दी। इसके साथ ही ट्रक ने उनके स्कॉट कार को भी अपनी चपेट में ले लिया। बताया कि उन्हें व उनके सुरक्षाकर्मियों को जान से मारने के लिए ऐसा किया गया है। घटनास्थल पर टर्निंग होने के कारण चालक ने गाड़ी घुमा दी, जिससे उनकी व उनके सुरक्षाकर्मी की जान बच गई। घटना के बाद चालक ट्रक छोड़कर भागने लगा तो सुरक्षाकर्मियों ने उसे दौड़ाकर पकड़ लिया। दर्ज एफआईआर में विधायक ने बताया कि इसके पूर्व बीते तीन अप्रैल को भी शृंग्वेरपुर में मुख्यमंत्री के कार्यक्रम में जाते समय नवाबगंज बाईपास के पास उनकी कार में टक्कर मारी गई थी। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेते हुए चालक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने चालक विराट मौर्य निवासी पतल्खी थाना लालगंज जिला मिर्जापुर को गिरफ्तार किया है। एसीपी करछना सुनील कुमार सिंह ने बताया कि विधायक की तहरीर पर एफआईआर दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है। मुख्यमंत्री से मुलाकात कर शिकायत करेंगे विधायक नैनी। बीते तीन अप्रैल को नवाबगंज बाई पास व सोमवार को अरैल बांध रोड पर हुुई घटना को लेकर विधायक करछना पीयूष रंजन निषाद बुधवार को मुख्यमंत्री से मुलाकात कर घटनाक्रम की शिकायत करेंगे। विधायक से फोन पर हुई बातचीत में उन्होंने बताया कि एक माह में उनके साथ यह दूसरी घटना हुई है। साजिश के तहत यह घटना घटित हो रही है। मुख्यमंत्री से मुलाकात कर वह मामले की जांच किए जाने की बात करेंगे।

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Apr 29, 2026, 10:57 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »




Prayagraj : करछना विधायक की कार में ट्रक ने मारी टक्कर, जान से मारने का आरोप #CityStates #Prayagraj #KarchhanaPrayagraj #KarchhanaVidhanSabha #PiyushRanjanNishad #SubahSamachar