Mahashivratri 2026: कांवड़ियों की लगी कतार, गूंज रहा बम-बम भोले, कांवड़ यात्रा को बढ़ी सुरक्षा
महाशिवरात्रि का त्योहार नजदीक आते ही हाथरस शहर से गुजरने वाले प्रमुख राजमार्ग हर-हर महादेव और बम-बम भोले के जयकारों से गूंज उठे हैं। सजी-धजी कांवड़ में गंगाघाटों से गंगाजल लेकर शिवभक्तों की घर वापसी शुरू हो गई है। विशेष रूप से राजस्थान के कांवड़ियों के जत्थे शहर से होकर गुजर रहे हैं। स्थानीय श्रद्धालुओं ने भी कांवड़ में गंगाजल लाने की तैयारी शुरू कर दी है। दूरदराज के गांवों से ट्रैक्टर-ट्रॉली, पिकअप व अन्य वाहनों में सामान लादकर भक्त गंगा घाटों की ओर रवाना हो रहे हैं। कई स्थानों पर ढोल-नगाड़ों और भजन-कीर्तन के साथ शिव भक्त यात्रा पर निकल रहे हैं, जिससे पूरे क्षेत्र में उत्साह का माहौल बना हुआ है। इस साल महाशिवरात्रि 15 फरवरी को मनाई जाएगी। इसके मद्देनजर शहर और ग्रामीण क्षेत्र के शिव मंदिरों में विशेष सजावट की जा रही है। मंदिरों में जलाभिषेक, रुद्राभिषेक और रात्रि जागरण की तैयारियां जोरों पर हैं। श्रद्धालु गंगा जल, बिल्व पत्र, धतूरा और दूध चढ़ाकर भगवान शिव का आशीर्वाद प्राप्त करेंगे। प्रशासन ने भीड़ की संभावना को देखते हुए प्रमुख मंदिरों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं। कांवड़ियों की सुरक्षा के मद्देनजर राजमार्गाें पर जगह-जगह पुलिस बल की तैनाती की गई है। पुलिस कर्मी वाहनों को रोक-रोककर कांवड़ियों को सुरक्षित रूप से निकलवा रहे हैं।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Feb 14, 2026, 10:50 IST
Mahashivratri 2026: कांवड़ियों की लगी कतार, गूंज रहा बम-बम भोले, कांवड़ यात्रा को बढ़ी सुरक्षा #CityStates #Hathras #Mahashivratri2026 #KanwarYatra2026 #HathrasNews #Kanwariya #Shivratri2026 #ShivBhakt #SubahSamachar
