हिमाचल: कंगना के बयान पर कांग्रेस का पलटवार, नरेश चौहान बोले- भाजपा बताए क्या यही पार्टी की आधिकारिक लाइन है?
मुख्यमंत्री सुखविंद्रसिंह सुक्खू के प्रधान मीडिया सलाहकार नरेश चौहान ने सांसद कंगना रनौत के बयान पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए भाजपा से अपना रुख स्पष्ट करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि कंगना रनौत का बयान दुर्भाग्यपूर्ण है और इस तरह के बयान समाज, विशेषकर युवा पीढ़ी के सामने नहीं आने चाहिए। नरेश चौहान ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल और नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर से पूछा कि क्या कंगना रनौत का बयान भाजपा की आधिकारिक लाइन है। उन्होंने कहा कि सांसद होने के नाते कंगना रनौत को अपनी जिम्मेदारी का निर्वहन करना चाहिए। एक अन्य सवाल के जवाब में नरेश चौहान ने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू को देश का सबसे अमीर मुख्यमंत्री बताए जाने के दावों पर भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि इस संबंध में तथ्यों को गलत तरीके से प्रस्तुत किया गया है। उनके अनुसार, एडीआर की रिपोर्ट वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव के दौरान मुख्यमंत्री द्वारा दाखिल चुनावी शपथपत्र (एफिडेविट) पर आधारित है। यदि रिपोर्ट को सही संदर्भ में देखा जाए तो मुख्यमंत्री की संपत्ति के आधार पर उनका स्थान 17वां है, जबकि उन्हें सबसे अमीर मुख्यमंत्री के रूप में प्रस्तुत किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री की संपत्ति का पूरा विवरण सार्वजनिक रिकॉर्ड में उपलब्ध है और पिछले 20 वर्षों से विधायक होने के कारण उनकी संपत्ति की जानकारी पहले से सार्वजनिक है।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Jul 29, 2026, 10:14 IST
हिमाचल: कंगना के बयान पर कांग्रेस का पलटवार, नरेश चौहान बोले- भाजपा बताए क्या यही पार्टी की आधिकारिक लाइन है? #CityStates #Shimla #HimachalPradesh #KanganaRanaut #NareshChauhan #SukhvinderSinghSukhu #HimachalCongress #BjpHimachal #RajeevBindal #JairamThakur #SubahSamachar
