जमीन में छिपाया गांजा: कबीरधाम में नशे के सौदागरों के ठिकानों पर छापा, घरों में मिली अवैध शराब; पुलिस की अपील

कबीरधाम पुलिस ने मंगलवार को नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। कवर्धा शहर के देवारपारा क्षेत्र में एक छापेमार अभियान चलाया गया। इस दौरान अवैध शराब और जमीन में छिपाकर रखा गया गांजा जब्त किया गया। इस कार्रवाई से नशे के कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप मच गया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पुष्पेंद्र बघेल ने बताया कि जिलेभर में नशा विरोधी अभियान चल रहा है। एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स को मिली सूचना पर कवर्धा थाना और साइबर थाना की संयुक्त टीम ने देवारपारा में दबिश दी। कार्रवाई की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह भी मौके पर पहुंचे और छापेमारी का नेतृत्व किया। पुलिस ने क्षेत्र के कई संदिग्ध मकानों और ठिकानों की सघन तलाशी ली। इस तलाशी में अवैध रूप से संग्रहित शराब बरामद हुई। वहीं कुछ घरों के पीछे जमीन खोदने पर गांजे का जखीरा मिला। आरोपियों ने इसे पुलिस की नजरों से बचाने के लिए जमीन के भीतर छिपा रखा था। पुलिस ने मौके पर मादक पदार्थ और शराब जब्त कर संबंधित लोगों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। हालांकि, पुलिस ने अभी आरोपियों और बरामदगी की मात्रा का खुलासा नहीं किया है। छापेमारी के दौरान पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह ने स्थानीय लोगों से संवाद किया। उन्होंने नशे के दुष्परिणामों के बारे में लोगों को जागरूक किया। उन्होंने कहा कि नशे का कारोबार समाज और आने वाली पीढ़ियों के भविष्य को बर्बाद करता है। अवैध कारोबार छोड़कर बच्चों की शिक्षा और अच्छे संस्कारों पर ध्यान देना चाहिए। कबीरधाम पुलिस नशा मुक्त समाज के निर्माण के लिए प्रतिबद्ध है। जिले में मादक पदार्थों की बिक्री, परिवहन या भंडारण की सूचना पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने आम लोगों से भी नशे से संबंधित गतिविधियों की जानकारी देने की अपील की है। सूचना देने वालों की पहचान गोपनीय रखी जाएगी। यह अभियान देवारपारा सहित आसपास के क्षेत्रों में लगातार जारी रहेगा।

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Jun 02, 2026, 18:08 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »




जमीन में छिपाया गांजा: कबीरधाम में नशे के सौदागरों के ठिकानों पर छापा, घरों में मिली अवैध शराब; पुलिस की अपील #CityStates #Crime #Kabirdham #RaidPolice #CgNewsToday #Chhattisgarh #SubahSamachar