Jind News: छात्तर में आंदोलनरत परिवारों से मिला संयुक्त प्रतिनिधिमंडल

संवाद न्यूज एजेंसीजींद। छात्तर गांव में पेयजल समस्या को लेकर आंदोलनरत परिवारों से सीपीआई(एम), दलित अधिकार मंच, सीटू, किसान सभा, जनवादी नौजवान सभा और खेत मजदूर यूनियन के सात सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल ने मुलाकात कर समस्याएं सुनीं। प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि दलित बस्ती के करीब 150 परिवार लंबे समय से पर्याप्त पेयजल आपूर्ति से वंचित हैं। बस्ती के लिए अलग पाइप लाइन होने के बावजूद कुछ लोगों द्वारा अवैध कनेक्शन किए जाने के कारण वास्तविक कनेक्शनधारकों के यहां पानी नहीं पहुंच रहा है। प्रतिनिधिमंडल ने गांव के विभिन्न समुदायों के लोगों से भी बातचीत की। जानकारी मिली कि दलित समुदाय की महिलाओं को सार्वजनिक स्थानों से पानी भरने के दौरान अपमानजनक टिप्पणियों का सामना करना पड़ता है। इस पर प्रतिनिधिमंडल ने चिंता जताते हुए इसे सामाजिक सौहार्द के लिए गंभीर विषय बताया। प्रतिनिधिमंडल ने ग्राम पंचायत और प्रशासन से मांग की कि समस्या का स्थायी समाधान किया जाए और बाधा उत्पन्न करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाए। जब तक समाधान नहीं होता, तब तक प्रभावित परिवारों के लिए वैकल्पिक पेयजल और बिजली की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। प्रतिनिधिमंडल में रमेश चंद्र, कपूर सिंह, संदीप जाजवान, सोहन दास, नरेश दनोदा, जोगेंद्र सिंह और वेद प्रकाश अलेवा आदि शामिल रहे।

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Jul 14, 2026, 17:09 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »




Jind News: छात्तर में आंदोलनरत परिवारों से मिला संयुक्त प्रतिनिधिमंडल #JointDelegationMetWithProtestingFamiliesInChhattar. #SubahSamachar