गहलोत पर मंत्री जोगाराम पटेल का तीखा पलटवार; बोले- 'कांग्रेस ने भ्रष्टाचार और कर्ज दिया, हम ला रहे सुशासन'

राजस्थान के विधि एवं न्याय मंत्री जोगाराम पटेल ने पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के हालिया बयानों पर तीखा पलटवार करते हुए कांग्रेस सरकार पर भ्रष्टाचार, कुशासन और प्रशासनिक विफलताओं के गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस शासनकाल में राजस्थान विकास के बजाय अव्यवस्था और घोटालों का केंद्र बन गया था, जबकि वर्तमान भाजपा सरकार मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में विकसित राजस्थान के संकल्प को तेजी से धरातल पर उतार रही है। जोगाराम पटेल ने कहा कि जल जीवन मिशन जैसी महत्वाकांक्षी योजना में भ्रष्टाचार होना प्रदेश की जनता के साथ विश्वासघात था। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार के कई मंत्री और अधिकारी आज इसी मामले में जांच और कार्रवाई का सामना कर रहे हैं। उनके अनुसार, कांग्रेस ने सरकारी योजनाओं को जनकल्याण का माध्यम बनाने के बजाय राजनीतिक और व्यक्तिगत हितों के लिए इस्तेमाल किया। जल संरक्षण को लेकर भाजपा सरकार का फोकस मंत्री ने कहा कि भाजपा सरकार जल संरक्षण और दीर्घकालिक जल प्रबंधन को प्राथमिकता देते हुए लगातार काम कर रही है। वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान के जरिए प्रदेशभर में जल संरक्षण के प्रति जनजागरण और जनभागीदारी सुनिश्चित की जा रही है। उन्होंने कहा कि गंगा दशमी जैसे धार्मिक पर्वों को पर्यावरण संरक्षण और जल चेतना से जोड़कर सरकार विकास और संस्कृति के समन्वय का संदेश दे रही है। कई बड़ी परियोजनाओं पर तेजी से काम जोगाराम पटेल ने बताया कि रामजल सेतु लिंक परियोजना, यमुना जल समझौता, ईएनजीपी सुदृढ़ीकरण, गंगनहर, माही, देवास और सोम-कमला-अंबा जैसी परियोजनाओं पर तेजी से काम किया जा रहा है, ताकि प्रदेश के हर क्षेत्र तक पेयजल पहुंचाया जा सके। उन्होंने दावा किया कि भाजपा सरकार केवल घोषणाएं नहीं कर रही, बल्कि जमीनी स्तर पर परिणाम देने का काम कर रही है। स्वास्थ्य योजनाओं और पेपर लीक पर भी साधा निशाना स्वास्थ्य योजनाओं को लेकर मंत्री ने कांग्रेस सरकार पर सवाल उठाते हुए कहा कि उनके कार्यकाल में निजी अस्पतालों के भुगतान अटक गए थे, जिससे मरीजों को परेशानी झेलनी पड़ी। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार मुख्यमंत्री आयुष्मान आरोग्य जैसी योजनाओं को पारदर्शी और जवाबदेह व्यवस्था के साथ मजबूत बना रही है। पेपर लीक मामलों का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस शासनकाल में युवाओं का भविष्य माफियाओं और भ्रष्ट तंत्र की वजह से बर्बाद हुआ। भाजपा सरकार ने सत्ता में आते ही पेपर लीक माफियाओं के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर युवाओं को न्याय दिलाने का काम किया है। ये भी पढ़ें- वरिष्ठ नागरिक तीर्थ यात्रा योजना-2026: आज से आवेदन शुरू;पशुपतिनाथ तक फ्री हवाई यात्रा जनता अब विकास और सुशासन के साथ जोगाराम पटेल ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की कार्यशैली की सराहना करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री गांव-गांव जाकर आमजन से संवाद कर रहे हैं। ग्रामीण चौपालों में किसानों, महिलाओं, युवाओं और पशुपालकों की समस्याएं सुनकर मौके पर समाधान किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने राजस्थान को भ्रष्टाचार, कर्ज और तुष्टिकरण की राजनीति दी, जबकि भाजपा सरकार निवेश, इंफ्रास्ट्रक्चर, जल प्रबंधन, स्वास्थ्य, शिक्षा और रोजगार के क्षेत्र में ऐतिहासिक कार्य कर रही है। राजस्थान की जनता अब आरोप और भ्रम की राजनीति को समझ चुकी है और विकास तथा सुशासन के साथ खड़ी है।

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: May 27, 2026, 08:48 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »




गहलोत पर मंत्री जोगाराम पटेल का तीखा पलटवार; बोले- 'कांग्रेस ने भ्रष्टाचार और कर्ज दिया, हम ला रहे सुशासन' #CityStates #Jaipur #Rajasthan #RajasthanPolitics #BjpRajasthan #CongressRajasthan #JogaramPatelStatement #AshokGehlotNews #BhajanlalSharmaGovernment #WaterManagementRajasthan #PaperLeakRajasthan #PoliticalNews #JaipurNews #SubahSamachar