Una News: जोड़बड़-दौलतपुर वाया बेहड़ भटेड़ सड़क बदहाल, मरम्मत की दरकार
मुबारिकपुर (ऊना)। क्षेत्र को जोड़ने वाली जोड़बड़-दौलतपुर चौक वाया बेहड़ भटेड़ सड़क की हालत खस्ता है। सड़क के कई हिस्सों से उखड़ी बजरी, गड्ढों और बारिश से हुए नुकसान के कारण वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों ने लोक निर्माण विभाग से जल्द मरम्मत करवाने की मांग उठाई है।स्थानीय लोगों का कहना है कि सरकार समय-समय पर सड़कों की स्थिति सुधारने के निर्देश देती है ताकि लोगों को सुरक्षित और सुगम यातायात सुविधा मिल सके लेकिन इस सड़क की बदहाल स्थिति विभागीय दावों की पोल खोल रही है। सड़क के कई हिस्सों में बजरी उखड़ चुकी है, जिससे गहरे गड्ढे बन गए हैं। वहीं कुछ स्थानों पर गंदे पानी के जमा रहने से भी आवागमन प्रभावित हो रहा है। यह सड़क गगरेट और चिंतपूर्णी विधानसभा क्षेत्रों के अलावा जिला कांगड़ा के कई गांवों को भी जोड़ती है।स्थानीय निवासी रमन और राकेश ने बताया कि यह सड़क अनेक ग्रामीण क्षेत्रों की जीवनरेखा है। उन्होंने कहा कि सड़क के कई हिस्से लंबे समय से क्षतिग्रस्त हैं, जिससे विशेषकर दोपहिया वाहन चालकों के दुर्घटनाग्रस्त होने का खतरा बना रहता है। इसके अलावा बड़े वाहनों को भी नुकसान हो रहा है। उन्होंने विभाग से शीघ्र मरम्मत कार्य शुरू करने की मांग की।लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता एचजी सिंह ने बताया कि गगरेट क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले हिस्से की सड़क की स्थिति ठीक है जबकि चिंतपूर्णी विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले भाग में मरम्मत कार्य करवाया जाना है।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Jun 26, 2026, 23:04 IST
Una News: जोड़बड़-दौलतपुर वाया बेहड़ भटेड़ सड़क बदहाल, मरम्मत की दरकार #UnaNews #UnaTodayNews #UnaUpdate #News #Breaking #SubahSamachar
