झोटा हत्याकांड में खुलासा: पत्नी को पता थे आरोपी पति के इरादे, वारदात से पहले चाचा और युवक को किया था फोन

परविंदर सिंह झोटा हत्याकांड में आरोपी से शुरुआती पूछताछ में बड़ा खुलासा हुआ है। पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी की पत्नी नीलम रानी को उसके इरादों के बारे में जानकारी थी। हालांकि, उसने पुलिस को सूचित नहीं किया, जिसके चलते उसे गिरफ्तार कर लिया गया है और फिलहाल उससे पूछताछ की जा रही है। मानसा के एसएसपी वैभव चौधरी ने बताया कि अगर आरोपी की पत्नी ने पुलिस को सतर्क कर दिया होता, तो शायद यह घटना न होती। उन्होंने आगे बताया कि वारदात से कुछ मिनट पहले ही आरोपी अश्वनी कुमार ने अपने चाचा और एक युवक को फोन किया था। पुलिस इस पहलू की भी जांच कर रही है। उन्होंने बताया कि वारदात को अंजाम देने के बाद, अश्वनी कुमार बुलेट मोटरसाइकिल पर मौके से फरार हो गया और बाद में बस के जरिए राजस्थान पहुंच गया। वहीं से उसे पकड़ा गया। पूछताछ के दौरान यह भी सामने आया कि वह मोहाली से नशीली दवाएं लाता था और उनकी सप्लाई करता था। एसएसपी वैभव चौधरी ने बताया कि पुलिस संबंधित विभागों के साथ मिलकर उसके हथियारों के लाइसेंस और मेडिकल स्टोर के लाइसेंस जारी होने की जांच कर रही है। इस मामले में सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने आगे बताया कि इस मामले में लापरवाही बरतने के आरोप में स्टेशन हाउस ऑफिसर बयंत कौर को सस्पेंड कर दिया गया है और संबंधित विभाग से डीएसपी के खिलाफ जांच शुरू करने और कार्रवाई करने का औपचारिक अनुरोध किया गया है।

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Oct 16, 2026, 09:15 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »




झोटा हत्याकांड में खुलासा: पत्नी को पता थे आरोपी पति के इरादे, वारदात से पहले चाचा और युवक को किया था फोन #CityStates #Chandigarh-punjab #Punjab #JhotaMurderCase #MansaPolice #SubahSamachar