झोटा हत्याकांड: कुराली की दवा फैक्टरी जांच के घेरे में, दिल्ली के पते से लेकर बद्दी तक खंगाले जा रहे तार
मानसा के परविंदर सिंह झोटा हत्याकांड के मुख्य आरोपी अश्वनी से लिंक सामने आने के बाद जांच के घेरे में आई कुराली की दवा फैक्टरी से जुड़े मामले में अब दिल्ली के पते की जांच शुरू हो गई है। फैक्टरी में तैयार सिग्नोर कैप्सूल के पत्ते पर दिल्ली का एक पता दर्ज है। पंजाब के ड्रग विभाग ने इस पते की पड़ताल के लिए दिल्ली के ड्रग विभाग को पत्र लिखा है। वहीं, कुराली की फैक्टरी का हिमाचल प्रदेश के बद्दी स्थित एक कंपनी से भी लिंक होने की संभावना जताई जा रही है। सूत्रों के अनुसार, पंजाब के ड्रग विभाग ने दिल्ली के विभाग से पूछा है कि संबंधित पते पर क्या गतिविधियां चल रही हैं और क्या वहां किसी के पास ड्रग लाइसेंस है। दिल्ली का ड्रग विभाग जांच के बाद पंजाब को रिपोर्ट भेजेगा। पंजाब के ड्रग कंट्रोलर विभाग के एक वरिष्ठ सूत्र ने इसकी पुष्टि की है। जांच में यह भी सामने आया है कि कुराली की दवा फैक्टरी का बद्दी की एक कंपनी से भी संबंध हो सकता है। सूत्रों के मुताबिक, फैक्टरी कुछ दवाएं बद्दी की कंपनी से भी तैयार करवाती थी। इस पहलू की भी जांच की जा रही है। सूत्रों के अनुसार, मानसा हत्याकांड का मुख्य आरोपी अश्वनी कुराली की इसी फैक्टरी से सिग्नोर कैप्सूल अपने मेडिकल स्टोर के लिए मंगवाता था और उन्हें मानसा में बेचता था। परविंदर सिंह झोटा इसी का विरोध कर रहे थे। मामले में कुराली की फैक्टरी की भूमिका की जांच जारी है। सूत्रों ने यह भी संभावना जताई है कि मामले की जांच सीबीआई कर सकती है।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Oct 26, 2026, 09:52 IST
झोटा हत्याकांड: कुराली की दवा फैक्टरी जांच के घेरे में, दिल्ली के पते से लेकर बद्दी तक खंगाले जा रहे तार #CityStates #Chandigarh-punjab #Punjab #JhotaMurderCase #KuraliMedicineFactory #SubahSamachar
