झारखंड: संताली भाषा की परीक्षा रद्द, 40 प्रतिशत प्रश्न सिलेबस से बाहर; जानें क्यों
झारखंड कर्मचारी चयन आयोग ने 19 जुलाई को आयोजित क्षेत्रीय कार्यकर्ता प्रतियोगिता परीक्षा-2024 के अंतर्गत प्रश्नपत्र-2 के तहत संताली भाषा की परीक्षा को रद्द कर दिया है। 19 जुलाई को तीन पालियों में संपन्न हुई इस परीक्षा के संताली भाषा वाले प्रश्नपत्र में लगभग 40 प्रतिशत प्रश्न तय पाठ्यक्रम से बाहर के पूछे गए थे। इसके साथ ही प्रश्नपत्र में कई प्रश्न त्रुटिपूर्ण तथा अस्पष्ट भी पाए गए थे। आयोग अब इस भाषा की परीक्षा दोबारा आयोजित करेगा, जिसके आयोजन की तिथियों के बारे में अभ्यर्थियों को अलग से सूचना प्रकाशित कर सूचित किया जाएगा। विशेषज्ञ समिति की जांच के बाद लिया फैसला संताली भाषा के प्रश्नपत्र में कई प्रश्न सिलेबस से बाहर होने तथा कई प्रश्न गलत पूछे जाने के संबंध में अभ्यर्थियों ने आयोग के समक्ष आवेदन देकर शिकायत दर्ज कराई थी। अभ्यर्थियों से प्राप्त इन आवेदनों को गंभीरता से लेते हुए झारखंड कर्मचारी चयन आयोग ने पूरे मामले की समीक्षा विषय विशेषज्ञों से कराई। विषय विशेषज्ञों की समिति ने अपनी जांच रिपोर्ट में स्पष्ट किया कि संताली भाषा के प्रश्नपत्र में अनेक प्रश्न पाठ्यक्रम से बाहर के थे और कई प्रश्न अस्पष्ट तथा गलत थे। विशेषज्ञों की इस रिपोर्ट के आधार पर आयोग ने सोमवार को औपचारिक सूचना प्रकाशित कर संताली भाषा की परीक्षा को निरस्त करने का निर्णय लिया। संताली साहित्य और संस्कृति से जुड़े प्रश्नों में थीं गलतियां अभ्यर्थियों ने आयोग से शिकायत करते हुए बताया था कि संताली भाषा के प्रश्नपत्र में कुल 100 प्रश्नों में से 40 प्रश्न तय पाठ्यक्रम से पूरी तरह बाहर के पूछे गए थे। इसके अलावा प्रश्नपत्र में चार प्रश्न पूरी तरह से त्रुटिपूर्ण थे। प्रश्नपत्र के भीतर संताली साहित्य, संताली संस्कृति, लोक गाथाओं और संताली भाषा के प्रमुख साहित्यकारों से जुड़े कई प्रश्न तथ्यात्मक रूप से गलत थे। आयोग ने स्पष्ट किया है कि अभ्यर्थियों को अंतिम परीक्षाफल में शामिल होने के लिए संताली भाषा की दोबारा आयोजित होने वाली परीक्षा में भाग लेना अनिवार्य होगा। इसके साथ ही अभ्यर्थियों से नियमित रूप से आयोग की वेबसाइट का अवलोकन करने का अनुरोध किया गया है। तीन पालियों की परीक्षा में काफी कम रही उपस्थिति क्षेत्रीय कार्यकर्ता प्रतियोगिता परीक्षा में अभ्यर्थियों की उपस्थिति भी काफी कम दर्ज की गई थी। इस परीक्षा में सम्मिलित होने के लिए आयोग द्वारा कुल 3,22,867 अभ्यर्थियों को प्रवेश पत्र जारी किए गए थे, लेकिन तीन पालियों में आयोजित परीक्षा में केवल 86,444 अभ्यर्थी ही सम्मिलित हुए। परीक्षा के दौरान कई अभ्यर्थियों ने यह शिकायत भी दर्ज कराई थी कि उन्हें प्रवेश पत्र परीक्षा आयोजित होने के दिन या फिर परीक्षा से महज एक दिन पहले प्राप्त हुए थे। प्रवेश पत्र मिलने में हुई इस देरी के कारण कई अभ्यर्थी परीक्षा केंद्रों तक नहीं पहुंच सके थे।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Nov 02, 2026, 23:49 IST
झारखंड: संताली भाषा की परीक्षा रद्द, 40 प्रतिशत प्रश्न सिलेबस से बाहर; जानें क्यों #CityStates #Ranchi #Jharkhand #JharkhandNews #JsscExamination #JharkhandStaffSelectionCommission #SantaliLanguageExamination #RegionalWorkerCompetitiveExamination2024 #JsscExaminationCancelled #SantaliQuestionPaper #JsscRe-examination #JharkhandGovernmentJob #JsscLatestUpdate #SubahSamachar
