Jhansi: शादी के 12 दिन बाद महिला का फंदे से लटका मिला शव, पति समेत तीन के खिलाफ दर्ज हुई प्राथमिकी
थाना पूंछ के बाबई रोड निवासी रंजना (22) का शव संदिग्ध परिस्थितियों में फंदे से लटका मिला। 12 दिन पहले ही उसकी शादी हुई थी। उसकी मौत की सूचना पर मायके वाले पहुंचकर हंगामा करने लगे। पूंछ पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में ले लिया। फोरेंसिक टीम भी आ गई। उधर, देर शाम पूंछ थाने में पति देवेंद्र समेत परिवार के तीन लोगों के खिलाफ दहेज न मिलने पर हत्या करने के आरोप में नामजद प्राथमिकी दर्ज कर ली गई। पति को हिरासत में लेकर पुलिस पूछताछ कर रही है। उरई के नया रामनगर निवासी नंदकिशोर ने अपनी बड़ी बेटी रंजना की शादी 12 फरवरी को पूंछ के बाबई रोड निवासी देवेंद्र वर्मा पुत्र हरिशंकर से की थी। देवेंद्र होटल में खाना बनाता है। पिता नंदकिशोर ने पुलिस को बताया कि दहेज में मांग के मुताबिक नकद समेत वस्तुएं दीं। विदाई के कुछ दिनों बाद से ससुराल में दहेज के लिए परेशान किया जाने लगा। मायके आने पर रंजना ने यह बात अपनी मां को बताई थी। कुछ दिनों में सब ठीक होने का भरोसा दिलाकर उसे ससुराल भेज दिया। मंगलवार सुबह ससुराल के लोगों ने रंजना के फंदे से लटके होने की सूचना दी। कुछ देर में वह लोग पहुंच गए। उनका आरोप है कि रंजना के मुंह में कपड़ा ठूंसा था। शरीर में चोट के निशान थे। मायके पक्ष ने हंगामा शुरू कर दिया। उन्होंने पुलिस को सूचना दी। थोड़ी देर में पूंछ थाना प्रभारी वेद प्रकाश पांडेय पुलिस फोर्स के साथ पहुंचे। क्षेत्राधिकारी देवेंद्र नाथ मिश्रा के मुताबिक, तहरीर के आधार पर पति समेत तीन के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करके जांच शुरू करा दी गई है।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Feb 25, 2026, 03:24 IST
Jhansi: शादी के 12 दिन बाद महिला का फंदे से लटका मिला शव, पति समेत तीन के खिलाफ दर्ज हुई प्राथमिकी #CityStates #Jhansi #BodyFound12DaysAfterMarriage #JhansiCrimeNews #SubahSamachar
