Jhansi: बच्चों संग पत्नी प्रेमी के साथ गई, पति ने दी जान, दोनों ने दस साल पहले किया था प्रेम विवाह
प्रेमनगर के हंसारी मोहल्ला निवासी युवक के जेल जाने के बाद उसकी पत्नी तीन बच्चों को लेकर प्रेमी के साथ चली गई। जेल से बाहर आने पर युवक को यह पता लगा। उसने पत्नी को मनाने की कोशिश की लेकिन, वह प्रेमी को छोड़कर लौटने पर राजी नहीं हुई। पत्नी और बच्चों के जाने से युवक अवसाद में आ गया। सोमवार देर-शाम उसने घर में जहर निगल लिया। अचेत हाल में उसे मेडिकल अस्पताल ले जाया गया। मंगलवार सुबह उसने दम तोड़ दिया। उसके परिजन पत्नी पर नकदी एवं जेवरात ले जाने का भी आरोप लगा रहे हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है। हंसारी निवासी मनीष चौहान (30) ने दस साल पहले चिरगांव निवासी युवती से प्रेम विवाह किया था। दंपती को तीन बच्चे हैं। मनीष जीविकोपार्जन के लिए प्राइवेट काम करता था। परिजनों ने बताया कि मारपीट के एक पुराने मामले में फरवरी में मध्य प्रदेश पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। 27 फरवरी को जमानत मिलने पर वह घर लौटा तो ताला बंद था। पत्नी को फोन करने पर उसने बताया कि वह अपने प्रेमी के साथ रहेगी। यह सुनकर मनीष परेशान हो गया। उसने यह बात अपनी मां को बताई। मां ने भी बहू को समझाने की कोशिश की लेकिन, वह राजी नहीं हुई। सोमवार को मनीष ने पत्नी को फोन करके मनाने की कोशिश की। कहा कि बच्चों के बिना अच्छा नहीं लग रहा। वह उसे अब भी साथ रखने को राजी है लेकिन, पत्नी ने साथ रहने से इन्कार कर दिया। उसने कहा कि वह प्रेमी के साथ ही रहेगी। सोमवार रात उसने जहर निगल लिया। मां के कमरे में पहुंचने पर वह अचेत हाल में पड़ा था। परिजन उसे लेकर मेडिकल अस्पताल आए। यहां डॉक्टरों ने उसके जहर निगलने की पुष्टि की। थाना प्रभारी तुलसीराम पांडेय के मुताबिक परिजनों की ओर से अभी लिखित शिकायत नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई होगी।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Mar 04, 2026, 04:47 IST
Jhansi: बच्चों संग पत्नी प्रेमी के साथ गई, पति ने दी जान, दोनों ने दस साल पहले किया था प्रेम विवाह #CityStates #Jhansi #WifeAndChildrenWentWithHerLover #HusbandCommittedSuicide #LoveAffairCaseInJhansi #SubahSamachar
