Jhansi: सिक्स लेन होगा लिंक एक्सप्रेस-वे, बीडा से जुड़ेगा, दोनों तरफ सर्विस लेन से लेकर हरित पट्टी भी होगी
उत्तर प्रदेश एक्सप्रेसवेज औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यूपीडा) की ओर से प्रस्तावित लिंक एक्सप्रेस-वे सिक्स लेन होगा। यह 110 मीटर चौड़ा होगा और बीडा से जुड़ेगा। दोनों तरफ सर्विस लेन भी बनेगी। इसके अलावा हरित पट्टी के लिए भी जमीन छोड़ी जाएगी। आपत्ति दर्ज कराने के लिए 10 दिन का समय यह लिंक एक्सप्रेस-वे बुंदेलखंड एक्सप्रेस-वे से जुड़ेगा। चित्रकूट से शुरू होने वाले बुंदेलखंड एक्सप्रेस-वे पर उरई में स्थित चैनेज (शुरुआती बिंदु से केंद्र रेखा की दिशा में मापी गई दूरी) 170.2 किलोमीटर से लिंक एक्सप्रेस-वे की शुरुआत होगी। फिर झांसी जिले की गरौठा, टहरौली, मोंठ और सदर तहसील से होकर गुजरेगा। जिन गांवों से होकर यह एक्सप्रेस-वे गुजरेगा, उनके नाम तय होने के बाद सर्वे कराया गया। चारों तहसीलों में लगभग 20 हजार गाटों की सूची जिला प्रशासन को उपलब्ध कराई गई। सर्वे पूरा होने के बाद अब गजट का प्रकाशन कराया गया है। जिन काश्तकारों की जमीन ली जानी है, उन्हें आपत्ति दर्ज कराने के लिए 10 दिन का समय दिया गया है। यूपीडा के वरिष्ठ भू-अर्जन अधिकारी सियाराम मौर्य ने बताया कि लिंक एक्सप्रेस-वे सिक्स लेन होगा। कई जगहों पर अंडरपास भी बनाए जाएंगे ताकि लोगों को आवागमन में परेशानी न हो। इसके अलावा दोनों तरफ फेंसिंग भी करवाई जाएगी। औद्योगिक विकास को मिलेगी रफ्तार, ग्रामीण क्षेत्रों का होगा विकास झांसी में 56 हजार एकड़ में बुंदेलखंड औद्योगिक विकास प्राधिकरण विकसित होना है। ऐसे में लिंक एक्सप्रेस-वे बनने के बाद आवागमन सुलभ हो जाएगा। इससे औद्योगिक विकास को रफ्तार मिलेगी। वहीं, जिन गांवों से होकर यह गुजरेगा, वहां का तेजी से विकास होगा। आठ लेन तक हो सकेगा विस्तार इस रूट पर आवागमन बढ़ने पर भविष्य में लिंक एक्सप्रेस-वे का आठ लेन तक विस्तार किया जा सकेगा। इसी हिसाब से इसका खाका तैयार किया गया है। इसके लिए दोनों ओर जगह भी छोड़ी जाएगी। जमीन की खरीद भी इसी योजना के तहत की जा रही है।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Feb 06, 2026, 03:33 IST
Jhansi: सिक्स लेन होगा लिंक एक्सप्रेस-वे, बीडा से जुड़ेगा, दोनों तरफ सर्विस लेन से लेकर हरित पट्टी भी होगी #CityStates #Jhansi #TheLinkExpresswayWillBeSixLanes #JhansiExpressway #JhansiLinkExpressway #SubahSamachar
