झारखंड: बेटी को डॉक्टर बनाने का सपना पड़ा महंगा, मेडिकल सीट दिलाने के नाम पर महिला से 3.50 लाख ठगे
जमशेदपुर में नीट-यूजी काउंसिलिंग के नाम पर मेडिकल कॉलेज में दाखिला दिलाने का झांसा देकर एक महिला से 3.50 लाख रुपये ठगने का मामला सामने आया है। पीड़िता की शिकायत के आधार पर साकची थाने में प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। शहर के धतकीडीह स्थित बी ब्लॉक, लाइन नंबर 1 निवासी और डॉ. केएस निजामी की पत्नी निगार अख्तर ने रांची के एमआई एजुकेशन सर्विसेज नामक कोचिंग संस्थान के संचालक शशिभूषण कुमार पर इस ठगी का आरोप लगाया है। मेडिकल सीट का झांसा पीड़िता निगार अख्तर अपनी बेटी का दाखिला मेडिकल कॉलेज में कराकर उसे डॉक्टर बनाना चाहती थीं। इसी सिलसिले में उनका संपर्क रांची स्थित एमआई एजुकेशन सर्विसेज के संचालक शशिभूषण कुमार से हुआ था। आरोपी ने पीड़िता को पूरा भरोसा दिलाया कि वह नीट-यूजी की काउंसिलिंग प्रक्रिया में उनकी बेटी की मदद करेगा और उसे निश्चित सफलता दिलाएगा। कोचिंग संचालक के इस आश्वासन और झांसे में आकर पीड़िता ने 27 जुलाई 2025 को उसे 3.50 लाख रुपये की राशि दे दी थी। ये भी पढ़ें-बिहार: एसटीएफ पुलिस की बड़ी कार्रवाई, कुख्यात चंदन सिंह गिरफ्तार; चार पिस्टल और 58 कारतूस बरामद रुपये मांगने पर दी धमकी काउंसिलिंग का परिणाम घोषित होने पर पीड़िता की बेटी को सफलता नहीं मिली। इसके बाद महिला ने कोचिंग संचालक से अपने दिए हुए 3.50 लाख रुपये वापस मांगे। आरोप है कि आरोपी शशिभूषण कुमार लगातार रुपये लौटाने में टालमटोल करता रहा। बाद में उसने रुपये वापस करने से साफ इन्कार कर दिया। पीड़िता के विरोध करने पर उसने पुलिस में शिकायत दर्ज कराने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी भी दी। आरोपी की धमकियों के आगे न झुकते हुए पीड़िता ने साकची थाने पहुंचकर पुलिस में मामले की लिखित शिकायत दर्ज कराई। साकची थाना प्रभारी के अनुसार, पीड़िता की तहरीर के आधार पर आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है और मामले की गहन जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी
- Source: www.amarujala.com
- Published: Nov 03, 2026, 22:00 IST
झारखंड: बेटी को डॉक्टर बनाने का सपना पड़ा महंगा, मेडिकल सीट दिलाने के नाम पर महिला से 3.50 लाख ठगे #CityStates #Jharkhand #Ranchi #SubahSamachar
