Una News: गणु मंदवाड़ा योजना में दूसरी बार चोरी से जल शक्ति विभाग कटघरे में

दौलतपुर चौक (ऊना)। गणु मंदवाड़ा पेयजल योजना में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं ने पूरे मामले को गंभीर बना दिया है। एक ही सप्ताह में दूसरी बार चोरी होने से जहां चोरों के हौसले बुलंद नजर आ रहे, वहीं जल शक्ति विभाग की कार्यशैली भी सीधे तौर पर कटघरे में खड़ी हो गई है। सूत्रों के अनुसार, कुछ दिन पहले हुई पहली चोरी के बाद विभाग ने न तो सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की और न ही संवेदनशील स्थानों पर निगरानी बढ़ाई। नतीजा यह रहा कि चोरों ने फिर उसी योजना को निशाना बनाते हुए दूसरी बार शुक्रवार को चोरी की वारदात को अंजाम दे दिया। चोर योजना से केबल तार, स्टार्टर और वोल्ट मीटर चुरा ले गए। लगातार एक ही जगह को टारगेट किया जाना इस ओर इशारा करता है कि मामला सामान्य चोरी का नहीं बल्कि सुनियोजित गिरोह की करतूत हो सकता है।सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि हाई वोल्टेज उपकरणों को भी चोर बिना किसी डर के उखाड़ ले जा रहे हैं। इससे न केवल सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठ रहा है बल्कि यह भी साफ हो रहा है कि अपराधियों में कानून का खौफ लगभग खत्म हो चुका है। स्थानीय लोगों में घटना को लेकर भारी आक्रोश है। उनका कहना है कि यदि पहली घटना के बाद ही विभाग सक्रियता दिखाता तो दूसरी वारदात को रोका जा सकता था। जिम्मेदार अधिकारियों की लापरवाही ने चोरों के हौसले और बढ़ा दिए। इसका सीधा असर पेयजल आपूर्ति पर पड़ रहा है। गर्मी के मौसम में पानी की सप्लाई बाधित होने से लोगों को भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों को जल्द गिरफ्तार किया जाए।जल शक्ति विभाग के सहायक अभियंता जोगिंद्र सिंह ने बताया कि क्षेत्र में सिंचाई एवं पेयजल स्कीमों पर पंप ऑपरेटरों की कमी के चलते रात के समय कोई तैनाती नहीं हो पाती। उन्होंने कहा कि स्कीम से सामान चोरी होने के कारण पेयजल आपूर्ति प्रभावित हुई थी लेकिन विभाग ने तुरंत कार्रवाई करते हुए स्कीम को दोबारा चालू कर दिया ताकि लोगों को पानी के लिए जूझना न पड़े।

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Apr 18, 2026, 19:22 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »




Una News: गणु मंदवाड़ा योजना में दूसरी बार चोरी से जल शक्ति विभाग कटघरे में #UnaNews #UnaTodayNews #UnaUpdate #News #Breaking #SubahSamachar