HP Politics: जयराम ठाकुर बोले- दावा था प्रदेश को आत्मनिर्भर बनाने का अब सुविधाएं बंद करने की नौबत
नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस सरकार ने हिमाचल को 2027 तक आत्मनिर्भर बनाने और 2032 तक सबसे समृद्धि राज्य बनाने का दावा किया था, लेकिन यहां तो इसके उल्ट हो देखने को मिल रहा है। उन्होंने मुख्यमंत्री पर तंज कसते हुए कहा कि उन्हें उस फाॅर्मूले को सार्वजनिक करना चाहिए जिसके दम पर उन्होंने प्रदेश को आत्मनिर्भर बनाने का दावा किया था। प्रदेश के वित्तीय हालत जिस तरह से बने हुए हैं, ऐसी स्थिति में उस फाॅर्मूले की जरूरत है। कुल्लू के भुंतर में आयोजित समर्पण कार्यक्रम के दौरान उन्होंने कहा कि सीएम सुक्खू आरडीजी बंद होने को लेकर भी रोना रो रहे हैं। तीन साल से प्रदेश को ग्रांट मिल रही थी, बावजूद इसके भी विकास कार्य बंद रखे गए। केंद्र सरकार ने 12वें वित्तायोग के दौरान से ही आरडीजी बंद करने की बात करती रही है और जब मेरे मुख्यमंत्री कार्यकाल में 15वां वित्तायोग आया तो उस दौरान भी इसे बंद करने की बात कही थी लेकिन हमने कोविड का तर्क देकर कमीशन को मना लिया था। कमीशन ने इसे हर साल कम करने की शर्त के साथ कुछ समय के लिए जारी रखा। ऐसे में इसे कोई अचानक बंद नहीं किया है लेकिन राज्य सरकार को इसका विकल्प तलाशना था जिसे तलाशने में वह नाकाम रही है। जयराम ने कहा कि प्रदेश में अब ऐसी स्थिति बनती जा रही है कि आम जनता की तमाम सुविधाओं को बंद किया जाएगा। सरकार स्पष्ट कर चुकी है कि सब्सिडी बंद करनी पड़ेगी और कर्मचारियों के देनदारी रोक दी जाएगी। हिमकेयर योजना और मुफ्त बिजली बंद की जा रही है। आने वाले समय में जिन महिलाओं को 1500 रुपये मिल रहे हैं उन पर भी संकट मंडरा रहा है।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Feb 11, 2026, 18:43 IST
HP Politics: जयराम ठाकुर बोले- दावा था प्रदेश को आत्मनिर्भर बनाने का अब सुविधाएं बंद करने की नौबत #CityStates #HimachalPradesh #Kullu #Shimla #JairamThakur #SubahSamachar
