Jaipur Trailer Accident: जयपुर ट्रेलर हादसे की जांच के लिए 7 सदस्यीय समिति गठित, पांच दिन में मांगी रिपोर्ट
राजधानी जयपुर के श्याम नगर थाना क्षेत्र स्थित 200 फीट बाईपास पर कमला नेहरू नगर में हुए दर्दनाक सड़क हादसे की जांच के लिए जिला प्रशासन ने सात सदस्यीय जांच समिति का गठन किया है। इस हादसे में तेज रफ्तार ट्रेलर ने फुटपाथ पर बैठे एक परिवार को कुचल दिया था, जिसमें चार लोगों की मौत हो गई थी और एक महिला गंभीर रूप से घायल हुई थी। जिला कलक्टर संदेश नायक द्वारा जारी आदेश के अनुसार, अतिरिक्त जिला मजिस्ट्रेट (शहर-दक्षिण) को जांच समिति का अध्यक्ष बनाया गया है। वहीं अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (यातायात-दक्षिण) समिति के सदस्य सचिव होंगे। समिति में प्रादेशिक परिवहन अधिकारी (जयपुर प्रथम), अधीक्षण अभियंता (सार्वजनिक निर्माण विभाग), कार्यकारी निदेशक (प्रशासन), राजस्थान राज्य पथ परिवहन निगम, परियोजना निदेशक (राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण-एनएचएआई) और विशेषाधिकारी, जयपुर सिटी ट्रांसपोर्ट सर्विसेज लिमिटेड को सदस्य बनाया गया है। यह भी पढें-Rajasthan News:राजस्थान मंत्रिमंडल विस्तार कब अमित शाह के साथ मंत्रियों की बैठकों ने बढ़ाई सियासी हलचल जिला प्रशासन ने समिति को दुर्घटनास्थल का निरीक्षण कर हादसे के कारणों की विस्तृत जांच करने, विभिन्न विभागों द्वारा की गई कार्रवाई की समीक्षा करने, राहत एवं बचाव कार्यों के दौरान आई चुनौतियों का आकलन करने और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए ठोस सुझाव देने के निर्देश दिए हैं। जिला कलक्टर ने समिति को सभी पहलुओं की जांच कर पांच कार्यदिवस के भीतर अपनी विस्तृत रिपोर्ट एवं सुझाव प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं। समिति की रिपोर्ट के आधार पर दुर्घटना की जिम्मेदारी तय करने और सड़क सुरक्षा से जुड़े आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाए जाने की संभावना है। यहां हादसोंकी बड़ी वजह यह भी दुर्घटनास्थल की सबसे बड़ी खामी हीरापुरा पुलिया से होटल हाईवे किंग तक करीब 100 मीटर तक डिवाइडर का नहीं होना है। इस कारण पुलिया से उतरते ही वाहन गलत तरीके से यू-टर्न लेते हैं और मुख्य हाईवे, सर्विस रोड तथा हीरापुरा चौराहे की ओर जाने वाला ट्रैफिक एक-दूसरे को क्रॉस करता है, जिससे हादसे का खतरा लगातार बना रहता है। स्थिति को और गंभीर बनाता है कि यहां केवल चेतावनी बोर्ड लगाया गया है, लेकिन गलत यू-टर्न रोकने के लिए कोई अवरोध, पर्याप्त रोड मार्किंग, रिफ्लेक्टिव साइन, ब्लिंकिंग लाइट या ऊंचा डिवाइडर नहीं है। डीसीपी ट्रैफिक योगेश गोयल ने बताया कि हीरापुरा पुलिया से होटल हाईवे किंग तक करीब 100 मीटर का डिवाइडर रहित हिस्सा गंभीर ट्रैफिक समस्या पैदा कर रहा है। उन्होंने कहा कि इस संबंध में एनएचएआई को पत्र लिखा जाएगा। साथ ही इस स्थान पर होने वाले गलत यू-टर्न को रोकने के लिए भी आवश्यक उपायों पर विचार किया जा रहा है।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Jul 08, 2026, 07:18 IST
Jaipur Trailer Accident: जयपुर ट्रेलर हादसे की जांच के लिए 7 सदस्यीय समिति गठित, पांच दिन में मांगी रिपोर्ट #CityStates #Jaipur #Rajasthan #JaipurRoadAccident #JaipurTrailerAccident #KamlaNehruNagarAccident #JaipurCrash #SubahSamachar
