Jaipur Crime News:जयपुर में युवक की पीट-पीटकर हत्या, 10-15 लोगों ने घर से बुलाकर लाठी-सरियों से किया हमला
राजधानी जयपुर के आमेर थाना क्षेत्र में एक युवक की बेरहमी से पिटाई के बाद मौत हो गई। आरोप है कि 10 से 15 बदमाश युवक को घर से बुलाकर ले गए और लाठी-सरियों से बुरी तरह हमला किया। गंभीर रूप से घायल युवक ने इलाज के दौरान मंगलवार देर रात दम तोड़ दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार घटना मंगलवार दोपहर करीब 2:30 बजे आमेर के काजीवाड़ा इलाके में हुई। मृतक की पहचान वसीम खान (30) पुत्र अशरफ के रूप में हुई है, जो नगीनों का काम करता था। परिजनों का आरोप है कि आरोपी वसीम को किसी काम के बहाने घर से बुलाकर अबूजार मस्जिद के पास ले गए, जहां उसके साथ लाठी-सरियों से मारपीट की गई। इसके बाद उसे पास के एक खेत और फिर एक फार्महाउस ले जाकर दोबारा पीटा गया। यह भी पढें-सहारा छिना तो बेबस हुई 85 साल की मां:बेटे के अंतिम संस्कार के लिए भी नहीं थे पैसे, 'दूत' बनकर पहुंचे अधिकारी परिजनों का आरोप है कि शाम करीब सात बजे आरोपी गंभीर हालत में वसीम को उसके घर के बाहर छोड़कर फरार हो गए। सिर, हाथ और पैरों में गंभीर चोटें आने पर परिजन उसे आमेर के सरकारी अस्पताल ले गए, जहां से उसे रेफर किया गया। इलाज के दौरान मंगलवार देर रात उसकी मौत हो गई। डीसीपी (नॉर्थ) करण शर्मा ने बताया कि मारपीट की घटना के बाद उपचार के दौरान युवक की मौत हुई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर विशेष टीमों का गठन किया है। परिजनों ने अखलाक, माहिर, बबलू, अज्जू, ईशान, सुका और सोहेल समेत अन्य लोगों पर हत्या का आरोप लगाया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। मृतक के पिता अशरफ का आरोप है कि दो-तीन दिन पहले भी इन्हीं लोगों ने उनके बेटे के साथ मारपीट की थी, लेकिन कार्रवाई नहीं होने से आरोपियों के हौसले बढ़ गए। उन्होंने किसी भी प्रकार की आपसी रंजिश से इनकार किया है। वहीं मृतक के भाई मोहम्मद रईस ने बताया कि आरोपियों ने किसी काम का बहाना बनाकर वसीम को घर से बुलाया और इतनी बेरहमी से पीटा कि वह दर्द नहीं सह सका और उसकी मौत हो गई। घटना के बाद आमेर क्षेत्र में तनाव का माहौल है। बुधवार को एसएमएस अस्पताल में वसीम का पोस्टमॉर्टम कराया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Jul 08, 2026, 12:17 IST
Jaipur Crime News:जयपुर में युवक की पीट-पीटकर हत्या, 10-15 लोगों ने घर से बुलाकर लाठी-सरियों से किया हमला #CityStates #Jaipur #Rajasthan #JaipurCrime #JaipurMurder #AmerMurderCase #SubahSamachar
