Una News: जगत सिंह ने आपदा प्रभावितों को बांटी सहायता राशि
कहा-संकट की घड़ी में आपदा प्रभावितों के साथ खड़ी है सरकारराहत राशि को डेढ़ लाख से बढ़ाकर किया सात लाख रुपये : नेगी संवाद न्यूज एजेंसी ऊना। राजस्व एवं बागवानी मंत्री जगत सिंह नेगी ने सर्किट हाउस ऊना में शनिवार को ऊना विधानसभा क्षेत्र के 59 पात्र आपदा प्रभावित परिवारों को 75 लाख रुपये के चेक वितरित किए। नेगी ने कहा कि प्रदेश सरकार हर संकट की घड़ी में जनता के साथ खड़ी है। सरकार ने प्राकृतिक आपदा से प्रभावित लोगों की त्वरित सहायता के लिए विशेष राहत पैकेज तैयार किया। उन्होंने आश्वस्त किया कि भविष्य में भी आवश्यकता पड़ने पर सरकार प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता प्रदान करती रहेगी। नेगी ने कहा कि वर्तमान राज्य सरकार ने आपदा राहत नीति को और अधिक जनहितकारी बनाते हुए उन परिवारों के लिए राहत राशि में ऐतिहासिक बढ़ोतरी की है, जिनके घर आपदा में पूर्ण रूप से क्षतिग्रस्त हो गए हैं। पहले जहां यह सहायता राशि मात्र डेढ़ लाख रुपये थी, वहीं अब इसे बढ़ाकर सात लाख रुपये कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि हिमाचल देश का पहला राज्य बना, जहां कानून बनाकर 6,000 अनाथ बच्चों को सरकारी संरक्षण दिया गया। शिवा प्रोजेक्ट से बागवानी को मिल रहा प्रोत्साहन नेगी के कहा कि प्रदेश में बागवानी को बढ़ावा देने और किसानों की आय में वृद्धि सुनिश्चित करने के उद्देश्य से एचपी शिवा प्रोजेक्ट के तहत लोअर हिमाचल में विशेष पहल की जा रही है। इसी क्रम में ऊना जिले के 14 विभिन्न स्थानों पर एचपी शिवा परियोजना को प्रभावी ढंग से संचालित किया जा रहा है। इस परियोजना के माध्यम से जिले में अमरूद, लीची, अनार, माल्टा, मौसमी और ड्रैगन फ्रूट सहित अन्य फलों के उत्पादन को प्रोत्साहित किया जा रहा है। इस मौके पर हिमाचल प्रदेश अनुसूचित जाति आयोग के अध्यक्ष कुलदीप धीमान, ऊना के पूर्व विधायक सतपाल सिंह रायजादा, जिला कांग्रेस अध्यक्ष देशराज गौतम, उपायुक्त ऊना जतिन लाल, अधिवक्ता अनुज धीमान सहित अन्य मौजूद रहे।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Mar 14, 2026, 16:52 IST
Una News: जगत सिंह ने आपदा प्रभावितों को बांटी सहायता राशि #JagatSinghDistributedReliefFundsToTheDisasterAffectedPeople. #SubahSamachar
