गाजा में युद्धविराम का उल्लंघन?: इस्राइली हवाई हमलों में दो बच्चों समेत आठ की मौत, कई घायल; IDF ने दी ये सफाई

इस्राइल ने सोमवार को गाजा पट्टी के दक्षिणी और मध्य हिस्सों में कई हवाई हमले किए, जिनमें कम से कम आठ लोगों की मौत हो गई। मृतकों में दो बच्चे भी शामिल हैं, जबकि 20 से अधिक लोग घायल हुए हैं। गाजा के स्वास्थ्य अधिकारियों और राहत एजेंसियों ने यह जानकारी दी है। दक्षिणी गाजा के खान यूनिस के अल-मवासी इलाके में एक तंबू को निशाना बनाकर हमला किया गया। इस हमले में 23 वर्षीय महिला और उसकी एक साल की बेटी की मौत हो गई। यह भी पढ़ें- US-Iran Negotiations: कतर में अमेरिका से बातचीत की अटकलों पर ईरान का इनकार, अंतिम समझौते पर चर्चा अभी बाकी अस्पताल मेंघायलों का इलाज जारी नासिर अस्पताल के अनुसार, हमले से पहले लोगों को चेतावनी भी दी गई थी। इसी क्षेत्र के करारा कस्बे में एक अन्य हवाई हमले में 31 वर्षीय व्यक्ति की जान चली गई। अस्पताल के अनुसार, उसकी कुछ महीने पहले ही शादी हुई थी और उसकी पत्नी गर्भवती है। एक अन्य हमले में खान यूनिस के तटीय इलाके में विस्थापित लोगों के तंबू पर हमला हुआ। इसमें दो लोगों की मौत हो गई, जबकि 13 अन्य घायल हो गए। घायलों को फलस्तीनी रेड क्रिसेंट द्वारा संचालित फील्ड अस्पताल में भर्ती कराया गया। दीर-अल-बलाह में ड्रोन हमले में तीन की मौत मध्य गाजा के दीर-अल-बलाह में ड्रोन हमले में तीन फलस्तीनियों की मौत हुई। इनमें आठ वर्षीय एक बच्चा, उसका दादा और एक अन्य व्यक्ति शामिल हैं। अस्पताल अधिकारियों के मुताबिक, बच्चा अपनी मां से मिलने आया था। उसकी मां भी इस हमले में घायल हो गई।इस्राइली सेना ने कहा कि यह हमला एक उग्रवादी को निशाना बनाकर किया गया था, लेकिन उसकी पहचान या उसके मारे जाने की पुष्टि नहीं की। इससे एक दिन पहले रविवार को भी दक्षिणी गाजा में इस्राइली हमलों में चार लोगों की मौत हुई थी। इनमें 13 वर्षीय एक लड़की भी शामिल थी, जिसकी मौत टैंक से दागे गए गोले के छर्रे लगने से हुई। युद्धविराम के बावजूद जारी हैं हमले अक्तूबर में युद्धविराम लागू होने के बाद बड़े पैमाने पर लड़ाई कम हुई है, लेकिन इस्राइल लगभग रोजाना गाजा में हवाई हमले कर रहा है। गाजा के स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, युद्धविराम के बाद से अब तक 1,045 फलस्तीनी मारे जा चुके हैं, जिनमें 360 से अधिक महिलाएं और बच्चे शामिल हैं। इस्राइल का कहना है कि उसके हमले केवल उग्रवादियों को निशाना बनाकर किए जा रहे हैं। इस्राइली सेना के मुताबिक, ये उग्रवादी उसके सैनिकों पर हमले की योजना बना रहे थे। वहीं, युद्धविराम के बाद से उग्रवादी हमलों में पांच इस्राइली सैनिक भी मारे गए हैं। गाजा के स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, अक्तूबर 2023 में युद्ध शुरू होने के बाद से अब तक 73 हजार से अधिक फलस्तीनियों की मौत हो चुकी है। दूसरी ओर, 7 अक्तूबर 2023 को हमास के हमले में इस्राइल में करीब 1,200 लोग मारे गए थे और 251 लोगों को बंधक बनाया गया था। यह भी पढ़ें- Heat: अमेरिका में भीषण गर्मी का कहर, कई राज्यों में आउटडोर गतिविधियां रद्द; लोगों के लिए कूलिंग सेंटर खोले गए वेस्ट बैंक में भी किशोर की मौत उधर, कब्जे वाले वेस्ट बैंक में भी इस्राइली सेना की कार्रवाई जारी रही। रामल्लाह के पास छापेमारी के दौरान 15 वर्षीय एक फलस्तीनी किशोर के सिर में गोली लगने से मौत हो गई। फलस्तीनी स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, किशोर को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उसे बचाया नहीं जा सका। संयुक्त राष्ट्र के मानवीय मामलों के समन्वय कार्यालय के अनुसार, इस वर्ष वेस्ट बैंक में इस्राइली सैनिकों और बसने वालों की कार्रवाई में कम से कम 59 फलस्तीनियों की मौत हो चुकी है।

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Jun 30, 2026, 01:48 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »




गाजा में युद्धविराम का उल्लंघन?: इस्राइली हवाई हमलों में दो बच्चों समेत आठ की मौत, कई घायल; IDF ने दी ये सफाई #World #International #Israel #GazaStrip #KhanYounis #IsraeliStrikes #Palestine #SubahSamachar