भोपाल: आईएसबीटी बना ड्रग तस्करों का ठिकाना, डीआरआई ने दिल्ली से आए 2 तस्करों से पकड़ी 4.32 किलो एमडी

राजधानी का आईएसबीटी अब ड्रग तस्करों की आवाजाही का बड़ा ठिकाना बनता नजर आ रहा है। लंबी दूरी की बसों में सामान्य यात्रियों की तरह सफर कर रहे तस्कर लगातार मादक पदार्थों की खेप लेकर भोपाल पहुंच रहे हैं। रविवार को डीआरआई की टीम ने आईएसबीटी पर एक बार फिर बड़ी कार्रवाई करते हुए दिल्ली से आए दो यात्रियों को 4.321 किलो एमडी के साथ गिरफ्तार किया। चौंकाने वाली बात यह है कि एक महीने के भीतर आईएसबीटी पर ड्रग्स पकडऩे की यह तीसरी कार्रवाई है। इससे पहले 14 और 20 अक्टूबर को भी यहां से भारी मात्रा में मादक पदार्थ जब्त किए जा चुके हैं। किसी के बैग में तो किसी ने पैंट में छिपाई थी ड्रग्स डीआरआई अधिकारियों को खुफिया सूचना मिली थी कि दिल्ली से बस के जरिए दो व्यक्ति मादक पदार्थों की खेप लेकर भोपाल पहुंचने वाले हैं। सूचना के आधार पर टीम ने आईएसबीटी पर निगरानी बढ़ा दी। बस पहुंचते ही संदिग्ध दोनों यात्रियों को पकड़ लिया गया। तलाशी के दौरान एक यात्री के बैग से आठ प्लास्टिक पैकेट बरामद हुए। इनमें 4071 ग्राम सफेद क्रिस्टल जैसा पदार्थ रखा था। दूसरे यात्री ने 250-250 ग्राम के दो पैकेट काले पाउच में रखकर अपनी पैंट के भीतर छिपा रखे थे। दोनों के पास से 4.321 किलोग्राम संदिग्ध मादक पदार्थ बरामद हुआ। फील्ड टेस्ट किट से जांच में सभी पैकेटों में एम्फेटामाइन की पुष्टि हुई। डीआरआई ने दोनों आरोपियों को एनडीपीएस एक्ट के तहत गिरफ्तार कर लिया है। ये भी पढ़ें:शिवपुरी में साइबर ठगी: रिटायर्ड शिक्षक के खाते से 3.40 लाख रुपये साफ, एपीके फाइल डाउनलोड करते ही हुआ खेल सामान्य यात्री बनकर बसों से पहुंच रही ड्रग्स की खेप जांच एजेंसियों के सूत्रों के अनुसार तस्कर अब पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों की नजरों से बचने के लिए सामान्य यात्रियों की तरह बसों में सफर कर रहे हैं। बड़े बैग में कपड़ों के बीच छोटे पैकेट छिपाने से लेकर शरीर पर मादक पदार्थ छिपाकर ले जाने तक के तरीके अपनाए जा रहे हैं। लंबी दूरी की बसों में यात्रियों की लगातार आवाजाही का फायदा उठाकर तस्कर अपनी खेप गंतव्य तक पहुंचाने की कोशिश करते हैं। किसे पहुंचानी थी खेप जांच एजेंसियों के सामने सबसे बड़ा सवाल यह है कि दिल्ली से भोपाल तक पहुंच रही ड्रग्स की खेप आखिर किसके लिए लाई जा रही है। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर सप्लायर, स्थानीय खरीदार और तस्करी नेटवर्क का पता लगाया जा रहा है। एजेंसियां यह भी जांच कर रही हैं कि तीनों मामलों के तार आपस में जुड़े हैं या तस्करी के अलग-अलग गिरोह सक्रिय हैं।

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Nov 01, 2026, 22:58 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »




भोपाल: आईएसबीटी बना ड्रग तस्करों का ठिकाना, डीआरआई ने दिल्ली से आए 2 तस्करों से पकड़ी 4.32 किलो एमडी #CityStates #Crime #Bhopal #MadhyaPradesh #IsbtBhopal #DriAction #MdDrugs #DrugConsignmentFromDelhi #DrugSmuggling #DrugsSeizure #NdpsAct #DrugSmugglingNetwork #SubahSamachar