Hathras Nagar palika: लिपिक की नियुक्ति के मामले में शासन सख्त, जांच के आदेश, डीएम से मांगी आख्या
हाथरस नगर पालिका परिषद में कनिष्ठ लिपिक पद पर हुई विवादित भर्ती के मामले की गूंज शासन तक पहुंच गई है। अब नगर निकाय निदेशालय ने कड़ा रुख अपनाते हुए पूरे मामले की जांच के लिए डीएम को पत्र लिखा है। नगर पालिका परिषद में 22 नवंबर 2025 को कनिष्ठ लिपिक पद पर रवि सौंखिया की स्थायी रूप से नियुक्ति हुई थी। 24 नवंबर को भी उनके द्वारा उपस्थिति पंजिका में हस्ताक्षर किए गए थे। इसके बाद से कर्मचारियों में रोष फैल गया था और वह दो दिन हड़ताल पर चले गए थे। कर्मचारियों का कहना था कि यदि यह नियुक्ति सही है तो उनके 650 कर्मचारियों को स्थायी किया जाए। डीएम से भी मामले में शिकायत हुई थी। इधर, योगदान आख्या लेने और रजिस्टर पर हस्ताक्षर कराने पर ईओ रोहित सिंह ने जलकल विभाग के जेई का भी स्पष्टीकरण तलब किया था। ईओ ने शासन को भी प्रकरण से अवगत कराया था। काफी हंगामे के बाद इस नियुक्ति को निरस्त कर दिया गया था। अब निदेशक नगर निकाय, लखनऊ ने प्रकरण में जिलाधिकारी को पत्र लिखा है। लिपिक की नियुक्ति निरस्त की जा चुकी है। शासन द्वारा जांच के आदेशों की जानकारी नहीं है। उच्च अधिकारियों के निर्देशों के क्रम में कार्यवाही की जाएगी।-रोहित सिंह, ईओ नगर पालिका शासन में हुई थी शिकायत प्रकरण में शिकायकर्ता प्रशांत कौशिक ने नगर विकास विभाग के निदेशक को पत्र लिखकर शिकायत की थी। पूरे घटनाक्रम से अवगत कराते हुए उन्होंने शासन को बताया था कि अभ्यर्थी के प्रत्यावेदन को पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष आशीष शर्मा ने निरस्त कर दिया था, जिसके बाद कमिश्नर के यहां अपील की गई थी। कमिश्नर ने भी इस अपील को खारिज कर दिया था। प्रशांत का आरोप था कि इसके बाद भी तथ्यों को छिपाते हुए नियुक्ति कर दी गई थी।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Feb 26, 2026, 12:28 IST
Hathras Nagar palika: लिपिक की नियुक्ति के मामले में शासन सख्त, जांच के आदेश, डीएम से मांगी आख्या #CityStates #Hathras #HathrasNagarPalika #ClerkApplication #Investigation #NagarNikayNideshalayaUp #HathrasNews #SubahSamachar
