अंतर्राष्ट्रीय ध्रुपद मेला: लार्स मोलर ने सेक्सोफोन से किया मुरीद, देश-विदेश के कलाकारों ने लगाई हाजिरी
भगवान शिव को समर्पित अंतर्राष्ट्रीय ध्रुपद मेला में चौथे निशा में शनिवार को देश-विदेश के कलाकारों ने हाजिरी लगाई। डेनमार्क के लार्स मोलर के सेक्सोफोन और अरिजीत बनर्जी ने पखावज पर ताल धमार की लयकारियों से सभी को मुरीद बनाया। प्रख्यात ध्रुपद गायक उस्ताद वासिफुद्दीन डागर और संतूर वादन पं. अभय रुस्तम सोपोरी ने देर रात सुर-साज से शिव साधना की। काशी राज परिवार के अनंत नारायण सिंह एवं संकटमोचन मंदिर के महंत व आयोजक प्रो. विश्वम्भरनाथ मिश्र ने भी सुधीजनों और भगवान शिव संग संगीत का श्रवण किया। संगीत निशा की शुरुआत गुंदेचा बंधुओं की शिष्या धानी गुंडेचा के ध्रुपद गायन से हुआ। राग पुरिया धनाश्री में आलाप के साथ चौताल में निबद्ध रचना के बाद सूलताल की बंदिश सुनाई। पखावज पर पुणे के ध्यानेश्वर देशमुख एवं तानपुरे पर मुग्धा पंड्या और अनुजा यादव ने संगत की। दूसरी प्रस्तुति डेनमार्क के कलाकार लार्स मोलर के सेक्सोफोन वादन की रही। राग जोग चौताल में निबद्ध रचना के बाद तीवरा में बंदिश को धुनों में पिरोया। पखावज पर सुखद मुंडे ने संगत की। तीसरी प्रस्तुति में तरुण कलाकार अरिजीत बनर्जी ने स्वतंत्र पखावज वादन से प्रभावित किया। ताल धमार को विविध लयकारियों में निबद्ध कर सुधीजनों का मन मोह लिया। इसे भी पढ़ें;शिवरात्रि संगीत महोत्सव: कथक पर 57 चक्कर लगाकर किया चकित, तबले की सजी कचहरी संवादिनी पर केया बनर्जी ने संगत की। संचालन डॉ. प्रीतेश आचार्य, जगदीश्वरी चौबे तथा नागेंद्र शर्मा ने किया। देर रात तक प्रख्यात गायक उस्ताद वासिफुद्दीन डागर, डॉ. मधुछंदा दत्ता, अम्बरीश भट्टाचार्या, जगत नारायण पाठक ध्रुपद गायन, डॉ. संजय वर्मा विचित्र वीणा, प्रभात कुमार सरोद, पं. अभय रुस्तम सोपोरी संतूर, पं. अखिलेश गुंदेचा पखावज से हाजिरी लगाई। पं. मोहन श्याम शर्मा को मिला महाराजा विभूति नारायण सिंह सम्मान ध्रुपद मेला में विशिष्ट योगदान देने वाले वरिष्ठ कलाकारों को पुरस्कृत किया गया। अनंत नारायण सिंह और प्रो. विश्वम्भरनाथ मिश्र ने कलाकारों को पुरस्कृत किया। महाराजा विभूति नारायण सिंह पुरस्कार पं. मोहन श्याम शर्मा, लाईफ टाइम अचीवमेंट पुरस्कार प्रो. प्रेम कुमार मलिक, स्वाति तिरुनाल पुरस्कार सुरबहार वादक पं. रविंद्र नारायण गोस्वामी को दिया गया।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Feb 15, 2026, 16:42 IST
अंतर्राष्ट्रीय ध्रुपद मेला: लार्स मोलर ने सेक्सोफोन से किया मुरीद, देश-विदेश के कलाकारों ने लगाई हाजिरी #CityStates #Varanasi #InternationalDhrupadMela #DhrupadMelaVaranasi #VaranasiNews #SubahSamachar
