Jhajjar-Bahadurgarh News: मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान में डिजिटलीकरण कार्य में तेजी लाने के निर्देश

झज्जर। डीसी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी वर्षा खांगवाल ने कहा कि जिले में मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान के तहत बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) द्वारा मतदाताओं से प्राप्त गणना प्रपत्रों का ऐप के माध्यम से शीघ्र डिजिटलीकरण किया जाए। उन्होंने संबंधित सहायक निर्वाचन अधिकारियों (एआरओ) को इस कार्य की नियमित मॉनिटरिंग करते हुए निर्धारित समय सीमा में इसे पूरा कराने के निर्देश दिए। डीसी वर्षा खांगवाल ने बताया कि मतदाता सूचियों को अधिक सटीक और अद्यतन बनाने के उद्देश्य से विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत बीएलओ घर-घर जाकर मतदाताओं से संपर्क कर रहे हैं, ताकि सभी पात्र नागरिकों का सही विवरण मतदाता सूची में दर्ज किया जा सके। उन्होंने कहा कि अभियान के वर्तमान चरण में मतदाताओं से गणना प्रपत्र भरवाने के साथ-साथ उनका समयबद्ध डिजिटलीकरण भी प्राथमिकता है। सभी मतदाताओं से अपील की गई है कि वे वितरित किए गए गणना प्रपत्रों में आवश्यक जानकारी भरकर तत्काल अपने बीएलओ को सौंप दें। जिन मतदाताओं ने अभी तक प्रपत्र जमा नहीं किए हैं, वे जल्द से जल्द यह प्रक्रिया पूरी करें।डीसी ने एसआईआर अभियान में लगे सभी निर्वाचन पंजीकरण अधिकारियों (ईआरओ), एआरओ और सुपरवाइजरों को निर्देश दिए कि वे बीएलओ के माध्यम से मतदाताओं से प्राप्त गणना प्रपत्रों का तत्काल ऐप पर डिजिटलीकरण सुनिश्चित करें ताकि विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान निर्धारित समय में सफलतापूर्वक पूरा किया जा सके।उन्होंने कहा कि डिजिटलीकरण से मतदाता सूची में नाम, पता, आयु एवं अन्य विवरणों का सत्यापन अधिक पारदर्शी और सटीक तरीके से हो सकेगा। इससे पात्र मतदाताओं का सही रिकॉर्ड सुनिश्चित होगा और विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान को भी गति मिलेगी।

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Jun 27, 2026, 21:37 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »




Jhajjar-Bahadurgarh News: मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान में डिजिटलीकरण कार्य में तेजी लाने के निर्देश #InstructionsToAccelerateDigitizationWorkUnderTheVoterListRevisionCampaign. #SubahSamachar