Indore: तिलक नगर रोड करेगी ट्रैफिक का लोड कम, 18 मीटर चौड़ाई में निर्माण जारी
बंगाली कॉलोनी और कनाड़िया रोड के ट्रैफिक का दबाव कम करने वाली कृष्णा पब्लिक स्कूल से महावीर बाग की सड़क का काम चल रहा है। इसके निर्माण पर दो करोड़ रुपये से ज्यादा की राशि खर्च हो रही है। इसकी लंबाई 370 मीटर और चौड़ाई 18 मीटर है। महापौर पुष्यमित्र भार्गव सोमवार को महापौर परिषद सदस्य राजेश उदावत के साथ इस निर्माणाधीन सड़क का दौरा करने पहुंचे। मेयर ने कहा कि सड़क क्षेत्र की महत्वपूर्ण कनेक्टिविटी को बेहतर बनाएगी, इसलिए इसे तय समयसीमा में पूरा करना आवश्यक है। उन्होंने अधिकारियों से गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने को कहा तथा ठेकेदार को निर्देशित किया कि ट्रैफिक और नागरिक असुविधा को कम करते हुए तेजी से कार्य पूरा किया जाए। आपको बता दें कि तिलक नगर स्थित श्री कृष्ण पब्लिक स्कूल के आसपास की बाधाओं को पिछले साल हटाया गया था। इस रोड की बाधाएं हटाने का केस 2020 से कोर्ट में चल रहा था। कोर्ट के आदेश के बाद यह रोड बनना शुरू हुआ है। इस रोड के बनने से रिंग रोड के लिए तिलक नगर और पलासिया से एक और लिंक रोड उपलब्ध हो जाएगी। फिलहाल रिंग रोड से पलासिया या मध्य शहर जाने के लिए कनाड़िया रोड ही एकमात्र विकल्प है, लेकिन इस रोड पर हमेशा ट्रैफिक का भारी दबाव रहता है। नई सड़क के बनने से बंगाली कॉलोनी और कनाड़िया रोड दोनों जगह ट्रैफिक का दबाव कम होगा।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Feb 09, 2026, 17:27 IST
Indore: तिलक नगर रोड करेगी ट्रैफिक का लोड कम, 18 मीटर चौड़ाई में निर्माण जारी #CityStates #Indore #MadhyaPradesh #IndoreNews #IndoreBreakingNews #IndoreUpdates #MpNewsInHindi #MpNewsHindi #MpLatestNewsInHindi #MpNewsUpdateInHindi #MpNewsUpdate #SubahSamachar
